पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कड़ाके की ठंड में भी गणतंत्र दिवस की धूम

कड़ाके की ठंड में भी गणतंत्र दिवस की धूम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
जिला मुख्यालय पर आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं विशेष अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल गौर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर रिमोट संचालित एयरक्राफ्ट ने कई कलाबाजियां और हैरतअंगेज कारनामों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं मलखंभ द्वारा खिलाडिय़ों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। इसी तरह लड़कियों ने मार्शल आर्ट के अंतर्गत किए गए प्रदर्शन से संदेश दिया कि लड़कियां अपनी रक्षा के लिए स्वयं सक्षम हैं। जिला प्रशासन की ओर से मार्शल आर्ट तथा मलखंभ का प्रदर्शन करने वाले दलों को दस-दस हजार रुपए पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति : सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में शासकीय कन्या हासे की छात्राओं द्वारा पंजाबी लोकनृत्य गिद्धा प्रस्तुत किया गया। डॉक्टर राधाकृष्णन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भारत को विश्व शिखर पर पहुंचाने का संकल्प तथा नशामुक्ति पर आधारित प्रस्तुति दी गई। शाइनिंग पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा बालश्रम के विरुद्ध शंखनाद करते हुए तथा समानता के अधिकार का संदेश देते हुए आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
वहीं आदिवासी आश्रम बाड़ी के छात्र-छात्राओं द्वारा गोंड़ आदिवासी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। नवोदय विद्यालय बाड़ी द्वारा बेटी बचाओ संदेश को लेकर प्रेरक एवं आकर्षक प्रस्तुति दी गई। सेंट फ्रांसिस कांवेन्ट स्कूल रायसेन के बच्चों द्वारा बेटी के जन्म से लेकर संघर्ष और विकास की कहानी को बड़े ही मार्मिक अंदाज से प्रस्तुत किया गया। केन्द्रीय विद्यालय रायसेन द्वारा देश के लड़के और लड़कियों की सफलता की कहानी को रोचक अंदाज में समूह नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार शिवोम तीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रस्तुति भी अद्वितीय रही।
इन्हें मिला पुरस्कार : कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण किया गया। सीनियर परेड के लिए जिला पुलिस प्रथम, एसएएफ को द्वितीय तथा होमगार्ड को तृतीय पुरस्कार दिया गया। जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय को प्रथम, सेंट फ्रांसिस को द्वितीय तथा गाइड को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए शाइनिंग पब्लिक स्कूल रायसेन को प्रथम, सेंट फ्रांसिस कांवेन्ट स्कूल रायसेन को द्वितीय तथा नवोदय विद्यालय बाड़ी को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसी तरह जल संसाधन विभाग द्वारा प्रदर्शित झांकी को प्रथम, अनुसूचित जनजाति विभाग को द्वितीय तथा कृषि विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिन छात्रों को पुरस्कार प्रदान किया गया, उनमें सचिन नरवरिया, शिवानी कुशवाह, शुभम ओझा तथा एकता गौरव शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बाबूलाल गौर द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों तथा मीसाबंदियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामनारायण चतुर्वेदी, बालमुकुन्द तथा मीसाबंदी हरिनारायण सक्सेना एवं अन्य मीसा बंदियों का सम्मान किया गया।
नपा कार्यालय में ध्वजारोहण : रायसेन. नपा कार्यालय में अध्यक्ष मंजू कुशवाह ने ध्वजारोहण किया। संस्कृति भवन में उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश वाचन किया एवं यूरोपियन यूनियन प्रोजेक्ट के तहत सफाई जनसेवकों को टी-शर्ट का वितरण किया। इस दौरान उपाध्यक्ष अतुलसिंह राजपूत , हरिनारायण सक्सेना, नरेन्द्रसिंह कुशवाह, कन्हैयालाल सूरमा, धीरेन्द्र सिंह कुशवाह, जमना सेन, भूपेन्द्र वर्मा, बालकिशन कनौजिया, सिद्दीक सिद्दीकी, शिवराज कुशवाह, सहित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
कम्पोजिट भवन में ध्वजारोहण : कम्पोजिट भवन में कलेक्टर जेके जैन द्वारा ध्वजरोहण किया गया। इस अवसर पर समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रामलीला द्वार पर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसियों ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुमताज खान, महामंत्री नारायणसिंह ठाकुर, जावेद अहमद, मोहन राय सहित सभी कांग्रेसी मौजूद थे। सांची रोड स्थित रानी दुर्गावती बालिका छात्रावास में मजदूर महिला नर्वदीबाई जाटव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पौधरोपण किया गया गया। कार्यक्रम में छात्रावास प्राचार्य शंभवी शर्मा, संस्था सचिव नीलेश चतुर्वेदी सहित स्टॉफ और छात्राएं शामिल थीं।
वीदपुर सेवा सहकारी समिति द्वारा मिडिल स्कूल में गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा स्कूल की बाउंड्रीवाल की मांग रखने पर संस्था अध्यक्ष द्वारा १० हजार रुपए देने की घोषणा की गई। इस अवसर पर प्राधान अध्यापक राजीव यादव, मंडी उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, इरफान जाफरी, जाहिद भाई, रघुवीर सिंह, रमेश भूरिया, लाखन सिंह सहित स्कूल स्टाफ और समिति सदस्य शामिल थे।
छात्र-छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी : उदयपुरा. नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र की शालाओं और शासकीय कार्यालयों में गणतंत्र दिवस उत्साह से मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न संस्थाओं के छात्र-छात्राएं प्रभातफेरी के रूप में संपूर्ण नगर से होते हुए स्थानीय बाजार प्रांगण में पहुंचे। यहां नगर पंचायत द्वारा मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें प्रमुख शासकीय और अशासकीय संस्थाओं के हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष रश्मि विश्नोई ने सुबह १० बजे ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस परेड में विभिन्न संस्थाओं के छात्रों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी महाविद्यालय के छात्रों ने जहां बाइक पर जांबाज प्रदर्शन किया।
ये विद्यालय हुए पुरस्कृत: गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। चयन समिति द्वारा हायर सेकंडरी ,हाईस्कूल और मिडिल स्कूल में प्रथम आए सांस्कृतिक कार्यक्रम को पुरस्कृत किया गया। इनमें हायर सेकंडरी स्तर पर गुरुकुल कान्वेंट स्कूल,हाई स्कूल में सेंट थामस सिलारी कलॉ एवं मिडिल स्कूल में चिल्ड्रन पैराडाइज एवं प्राथमिक में सेमरॉक विद्यालय पुरस्कृत हुए। इसके अतिरिक्त मार्च पास्ट और डॉस प्रतियोगिता में महाविद्यालय स्तर पर शासकीय महाविद्यालय उदयपुरा प्रथम रहा। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों में दीक्षापांडे,एकता कौरव,राहुल कौरव के अलावा व्यापार महासंघ और टीआई केके भार्गव भी इस अवसर पर सम्मानित हुए। इसके साथ ही नगर के विभिन्न कार्यालयों व ग्रामीण क्षेत्र की संस्थाओं में संस्था प्रमुखों ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। छात्र -छात्राओं द्वारा आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
शान से लहराया तिरंगा : सिलवानी. नगर में गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया । सुबह से ही नगर में चौराहों पर देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। नगर के शासकीय व अशासकीय कार्यालयों में संस्था प्रमुखों के द्वारा तिरंगे झंडे को फहराकर सलामी दी गई।