- Hindi News
- सूची में नाम जुड़वाना ही पर्याप्त नहीं, मतदान भी जरूरी
सूची में नाम जुड़वाना ही पर्याप्त नहीं, मतदान भी जरूरी
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
केवल मतदाता सूची में नाम जुड़वाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि मतदान करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव इस बात का ध्यान रखें कि आपके द्वारा शुद्ध, निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव या दबाव के मतदान किया जाए। अभी भी जिले की जनसंख्या के अनुपात में शत-प्रतिशत महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इन सभी महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कर उन्हें लोकतंात्रिक प्रक्रिया में भागीदार बनाना आवश्यक है।
यह बात पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित राष्ट्र्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर जेके जैन ने कही। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके श्रीवास्तव एवं कलेक्टर जेके जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
कार्यक्रम में सभी नागरिकों को लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए राष्ट्र की लोकतांत्रिक परंपरा एवं प्रतिष्ठा को बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के धर्म, जाति, प्रजाति, समुदाय, भाषा तथा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र तथा निष्पक्ष रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नए मतदाताओं को जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव एवं कलेक्टर जैन ने फोटो परिचय पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राधेश्याम अगस्थी, सीईओ जिला पंचायत पीसी शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।