पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नई सीमा नहीं आ रही पसंद

नई सीमा नहीं आ रही पसंद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - नरसिंहगढ़
पिछले दिनों किए गए वार्डों के परिसीमन से ज्यादातर लोग खुश नहीं हैं। लोगों का कहना है कि उनसे बिना पूछे वार्डों का मनमाने तरीके से परिसीमन कर दिया गया है। इससे कई वार्डों के विकास पर असर पड़ेगा। साथ ही इस पर आपत्ति जताने की अंतिम तारीख का व्यापक प्रचार-प्रसार भी नहीं किया गया इसलिए कई वार्डों से आपत्तियां दर्ज नहीं हो सकीं।
यही नहीं जिन लोगों ने आपत्तियां जताईं, उन्हें भी ठीक से जवाब नहीं दिया जा रहा है। अनवर खां, शकील अहमद, दीपक पालीवाल, शिवप्रसाद वैद्य, संजय स्वर्णकार, मुस्लिम समाज के सदर इख्तिखार अहमद आदि ने आरोप लगाया है कि परिसीमन शहर के विकास के नजरिए से नहीं बल्कि राजनीतिक क्षेत्र सुरक्षित रखने के हिसाब से किया गया है। इसके लिए संबंधित वार्डों के पार्षदों या वरिष्ठ सदस्यों से कोई राय नहीं ली गई। साथ ही जो आपत्तियां लोगों ने लगाई हैं उन आपत्तियों की कॉपी और परिसीमन के नक्शे की प्रति की भी मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि जब तक उनकी अपीलों पर अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक वार्डों को पहले की स्थिति में ही रखा जाए। इसी मु्द्दे पर विधायक गिरीश भंडारी ने भी एसडीएम को आवेदन देकर मामले की दोबारा जांच की मांग की। एसडीएम ने जल्दी ही वाजिब कदम उठाने की बात कही है।




कहीं खुश भी हैं लोग

वार्ड 14 के परिसीमन से लोग खुश भी हैं। इस वार्ड की छत्री चौराहा सड़क की पट्टी को वार्ड 10 से जोड़ दिया गया है। स्थानीय रहवासी मनीष पटेल, यशवंत चौरसिया आदि का कहना है कि इससे उनके वार्ड का विकास होने की संभावना बढ़ गई है।



गंदी बस्ती को तोड़ दिया कई टुकड़ों में

आवेदकों का आरोप है कि शासन के रिकॉर्ड में गंदी बस्तियों में दर्ज रिहायशी बस्तियों को कई टुकड़ों में बांटकर आसपास के वार्डों में मिला दिया है। इससे इन बस्तियों के रहवासियों को शासन की योजनाओं का फायदा नहीं मिलेगा। वार्ड 1 और 5 में ऐसा हुआ है।



जानकारी नहीं दी जा रही

वार्ड नंबर 5,6 और 8 के रहवासियों ने एसडीएम कार्यालय में संयुक्त आवेदन देकर बताया कि उन्होंने अपने वार्डों के परिसीमन का विरोध करते हुए तहसीलदार कार्यालय में आवेदन दिया था। नायब तहसीलदार ने आपत्ति का निराकरण कब कर दिया, पता ही नहीं चला। आवेदकों को इस बारे में कुछ नहीं बताया गया। जब पूछा तो नायब तहसीलदार ने कहा कि इसकी जानकारी नगरपालिका से लीजिए। आवेदकों का कहना है कि जब हमने आपत्ति तहसीलदार कार्यालय में दर्ज करवाई थी तो जवाब नपा से क्यों दिलवाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नपा से भी उन्हें जानकारी नहीं मिली।



शहर में वर्तमान में वार्ड: 15

शहर की आबादी: 42 हजार

नगर पालिका अस्तित्व में आई: वर्ष 1941 में।



जानकारी ली जाएगी

॥ परिसीमन को लेकर वार्डों के रहवासियों ने शिकायतें की हैं। इन पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।

तृप्ति श्रीवास्तव, एसडीएम नरसिंहगढ़