एक सप्ताह बाद मंडी में लौटी रौनक
आष्टा. मंगलवार को मंडी खुलते ही किसान इस तरह ट्रैक्टर-ट्रालियों से अपनी उपज बेचने के लिए आए।
कार्यालय संवाददाता - आष्टा/जावर
बीते एक सप्ताह से बंद पड़ी मंडी में मंगलवार को चहल-पहल शुरू हो गई। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने मंगलवार से उपज की खरीदारी शुरू कर दी। हालांकि किसानों को मंडी खुलने का पता नहीं होने से आवक काफी कम रही।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू करने के विरोध में प्रदेश के अनाज तिलहन व्यापारी एसोसिएशन के आव्हान पर आष्टा व जावर मंडी के व्यापारी भी हड़ताल पर चल रहे थे। इस बीच मंडी में अनाज की खरीदी-बिक्री नहीं होने से मंडी में सन्नाटा पसरा हुआ था। मंडी बंद होने से किसान व हम्माल भी परेशान थे। कई किसान प्रतिदिन मंडी में उपज लेकर आ रहे थे, लेकिन मंडी बंद होने से उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ता था। सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आश्वासन के बाद व्यापारी संघ ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी थी। इसके बाद मंगलवार से मंडी खुलते ही रौनक लौट आई। मंगलवार को भी काफी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में आए थे।
आश्वासन पर शुरू हुई नीलामी
॥खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू करने के विरोध में मप्र अनाज तिलहन व्यापारी संद्य के आव्हान पर मंडी के व्यापारी हड़ताल पर थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के दिए आश्वासन पर मंगलवार से नीलामी कार्य में भाग लेना शुरू कर दिया है।
संतोष माहेश्वरी, अध्यक्ष व्यापारी संघ