- Hindi News
- अफगान मित्रों ने जाना कैसे होता है विकास
अफगान मित्रों ने जाना कैसे होता है विकास
कार्यालय संवाददाता - सीहोर/ बरखेड़ी
शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन किस तरह होता और ग्रामीणों को इनका लाभ कैसे मिलता है यह जानने के लिए मंगलवार को अफगानिस्तान के कई अधिकारी सीहोर आए। जिले की तीन ग्राम पंचायतों का भ्रमण करते हुए इन अधिकारियों के दल ने शासन की नई योजनाएं भी समझीं और ग्रामीणों से चर्चा भी की। इस दौरान ग्रामीणों के साथ-साथ ये अधिकारी भी ढोल की थाम पर खूब झूमे।
भारतीय लोक प्रशासन संस्थान नई दिल्ली में इंडो-अफगान पार्टनरशिप अंतर्गत प्रोविन्शियल ट्रैनिंग प्रोग्राम के तहत अफगानिस्तान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी डस्ट्रिक्ट गर्वनर ((भारत सरकार में जिलाधीश)) 22 जनवरी से 3 फरवरी तक भारत के दौरे पर आए। मंगलवार को यह दल सीहोर जिले की पिपलिया मीरा, लसूड्ल्या परिहार और गुड़भेला पहुंचा। यहां जिला पंचायत सीईओ डॉ. आरआर भोंसले ने इन्हें शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से बताया। पिपलिया मीरा में पंचायत भवन की बैठक व्यवस्था, ई-पंचायत कक्ष और शैक्षणिक व बौद्धिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ क्षेत्र में उन्नत किस्म की फसलों के बारे में भी टीम ने जानकारी ली। सरपंच भगवान सिंह मेवाड़ा और सचिव रमेश मेवाड़ा ने गांव के विकास कार्र्यों की जानकारी दी।
लसूड़ल्या परिहार में इन डिस्ट्रिक्ट गवर्नरों ने पौधरोपण भी किया। इस स्थान को इंडो-अफगान मैत्री गार्डन नाम दिया गया। आखिरी में गुड़भेला ग्राम पंचायत में पहुंचकर टीम ने ई-समाचार पत्र देखा। यहां टीम का ढोल-ढमाकों के साथ पुष्पमाला से स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान टीम के अधिकारी भी खूब झूमे। भ्रमण दल में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुलाम कदीर अकबरे, शाहिब खान इलाहाम, अब्दुल करीम जहीद, मो. जमान, वली शाह हिमात, मिर्वेश जमानी, अहमद अली हसानी, वली शाह वली, अमीर मो. हक, फलीउल्ला कमल, रहम उल्ला हशर, अब्दुल मर्जान अदिल, बजीर मो. जवादी, बतुर याकाशी, फरहद राऊफेन, सयिद मोहसेन सदत, मेहबुल्ल सईदी, मो. मरूफखेरख्वा एवं प्रोविन्शियल कॉन्सिल स्पेशलिस्ट नरूल्ला हैदरी, एचआर अस्टिेंट अहमद शैर काजमी के साथ भारतीय लोक प्रशासन संस्थान से प्रोफेसर विनोद शर्मा भी साथ थे। इन्हें उपसंचालक कृषि रामेश्वर पटेल, डीईओ धर्र्मेंद्र शर्मा, सीएमएचओ डॉ. आरसी गुप्ता, जनपद सीईओ राजेव खरे, सहा. परियोजना अधिकारी जीएस चौहान भी उपस्थित थे।
बरखेड़ी. पिपलिया मीरा में ढोल की थाप पर नाचते हुए अफगानी अधिकारी।
अफगानिस्तान के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पहुंचे सीहोर जिले के तीन गांवों के भ्रमण पर
इंडो-अफगान मैत्री