अब वार्ड क्रमांक एक का रास्ता बंद
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
रेलवे ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक एक के लिए जाने वाला मार्ग भी स्लीपर गढ़़ाकर बंद कर दिया है। इस मार्ग को बंद किए जाने के बाद मोहल्ले के लोग इक्ट्ठा हो गए और रेलवे के इस कदम के खिलाफ अपना विरोध प्रकट किया।
नागरिकों का कहना था कि मार्ग के बंद हो जाने से उनको आवागमन में परेशानी होगी। वार्ड क्रमांक 1 और 2 में आने- जाने के लिए वैसे भी गलियों के अतिरिक्त मुख्य मार्ग नहीं है। इससे दिक्कत आ रही है। रहवासी इसी रेलवे सीमा के मार्ग से आते -जाते हैं।
इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक आरके भारद्वाज ने बताया कि वार्ड के नागरिक प्रतिदिन रेल सीमा में कचरा डालते हैं। कई बार कचरा डालने से मना करने पर भी उन्होंने अपनी आदतों में सुधार नहीं किया। प्रति महीने रेलवे के अधिकारी परिसर का निरीक्षण करने आते हैं। इसके चलते उनका कोपभाजन स्टेशन के कर्मचारियों व अधिकारियों को होना पड़ता है। इसलिए रास्ता बंद करने का निर्णय लिया गया।
स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि नपा कचरा उठाने के लिए प्रति ट्राली ४०० रुपए मांग रही है, जबकि यह कचरा नागरिकों का है। कुल मिलाकर यह समस्या अब विकराल हो गई है।
फिलहाल कुछ समय के लिए रेलवे ने काम रोक दिया है लेकिन यदि नपा, वार्ड के नागरिकों सहित स्टेशन प्रबंधक की संयुक्त बैठक में कोई निर्णय नहीं हुआ तो मार्ग बंद करने का कार्य फिर से प्रारंभ हो सकता है। यह बैठक एक सप्ताह में बुलाने का तय किया गया है।
समझाने के बाद भी वार्ड वासियों ने रेलवे सीमा में कचरा फेंकना नहीं किया बंद
गंजबासौदा। रेलवे ने वार्ड क्रमांक एक का रास्ता भी पिलर लगाकर किया बंद।