सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
निज संवाददाता - सिरोंज
पथरिया स्थित नवांकुर हायर सेकंडरी स्कूल के वार्षिक उत्सव समारोह में बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। बच्चों ने धर्म और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ ही जल संरक्षण एवं देशभक्ति के महत्व को इंगित करती प्रस्तुतियां दी।
नवांकुर हायर सेकंडरी स्कूल के वार्षिक उत्सव का शुभारंभ विधायक वीरसिंह पंवार, नरयावली के विधायक प्रदीप लहारिया, पूर्व शिक्षा मंत्री लक्ष्मीनारायण यादव, जनपद उपाध्यक्ष भूपतसिंह रघुवंशी तथा भाजपा नेता मुकेश तिवारी किया। सांस्कृतिक आयोजनों में राधाकृष्ण के प्रेम और भक्ति को इंगित करती प्रस्तुतियों के साथ ही साईंबाबा की कथा प्रस्तुति को सभी की सराहना प्राप्त हुई। देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य नाटिकाओं ने सबसे अधिक प्रभावित किया। बच्चों ने दहेज प्रथा के विरोध में नाटक की प्रस्तुति कर उपस्थित लोगों को दहेज न लेने और न देने का संकल्प दिलाया। बच्चों ने जल संरक्षण तथा माता-पिता की सेवा के महत्व बताती प्रस्तुतियां भी दी। अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को शाबाशी दी। स्कूल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संचालक जयपाल यादव ने शाला की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। संचालन सपना जैन तथा भूपेन्द्र अहिरवार ने किया।