गुस्सा दिखाया तो कम किया बिल
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
विद्युत कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को मनमर्जी से बिल भेजे जा रहे हैं। इन बिलों को लेकर लोगों में आक्रोश है। रोजाना बिलों में सुधार कराने के लिए लोग विद्युत कंपनी के कार्यालय पहुंच रहे हैं। कंपनी के अधिकारी इन उपभोक्ताओं के बिलों में संसोधन कर उन्हें शांत करने का प्रयास भी कर रहे हैं। अचानक बिल बढ़ा कैसे, इस संबंध में कोई जांच-पड़ताल नहीं की जाती है।
अक्सर बिजली बिलों में गड़बड़ी की शिकायत उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत कंपनी के अधिकारियों से की जाती है। इस माह भी कई उपभोक्ताओं के बिलों में गड़बड़ी देखने में आ रही है। अधिक बिल राशि से नाराज हुए उपभोक्ताओं ने कंपनी के कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध जताया। उपभोक्ताओं का आक्रोश देखकर कंपनी के अधिकारियों ने भी आनन-फानन में बिलों में आई राशि को कम कर दिया।
१६ हजार आया बिल
बिजली उपभोक्ता यूसुफ खान ने बताया कि हर बार १६०० के आसपास बिला आता है, लेकिन इस बार १६ हजार रुपए बिल दिया गया है, जबकि इस बार उन्होंने पिछले महीनों में कम बिजली का उपयोग किया है।
ऐसे ही बिजली उपभोक्ता भीमसिंह प्रजापति ने बताया कि उसके सिंगल बत्ती कनेक्शन पर ८२५ रुपए बिल आया है। इसी तरह केशरसिंह, मसूद भाई, इमरान खान, रवि कुमार, सौदान सिंह ने भी बताया कि उनके बिलों में भी गड़बड़ खपत दर्शाई गई थी।