सीएम करेंगे कार्यालयों का औचक निरीक्षण
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
मुख्यमंत्री एक फरवरी के बाद जिले के मैदानी कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने वाले हैं। सीएम के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों को भी अपने कार्यालयों का रिकॉर्ड अप-टू-डेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले इस औचक निरीक्षण के संबंध में कलेक्टर जेके जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें तथा कार्य संपादन में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरतें।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि नागरिकों को लोक सेवाओं के प्रदाय में उत्कृष्टता एवं सुशासन की दृष्टि से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत सप्ताह कई जिलों के मैदानी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया जिसमें कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित भी किया गया है। वहीं दूसरी ओर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा भी की गई है। श्री जैन ने अधिकारियों से कहा कि कार्यस्थल पर लापरवाही बरतने या समस्या होने पर अधिकारी या कर्मचारी का भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा और उन्हें उत्तरदायी माना जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य सेवा प्रदाय व्यवस्था सुचारु रूप से चले यह दायित्व अधिकारी तथा कर्मचारी के साथ ही निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक अधिकारी का भी है। श्री जैन ने कहा कि प्रत्येक कार्यालय, स्थल तथा अनुभाग का कार्य पूर्व निर्धारित हो, ताकि लापरवाही या समस्या होने पर तुरंत जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित हो कि अच्छे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की जाए तथा उनके कार्य की सराहना एवं पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की जाए।