- Hindi News
- 10वीं और 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षा एक फरवरी से
10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा एक फरवरी से
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं एक फरवरी से शुरू होंगी। मंडल द्वारा परीक्षा शुरू होने के दो दिन पहले पोर्टल पर सभी विषयों के बोर्ड परीक्षा पैटर्न के प्रश्न पत्र डाउन लोड किए जाएंगे। ये प्रश्न पत्र हायर सेकंडरी स्कूल के प्रिंसिपल निकालेंगे और उस आधार पर छात्रों की परीक्षाएं लेंगे।
छात्रों की वार्षिक परीक्षा की तैयारियां कराने के उद्देश्य से प्री बोर्ड परीक्षा ली जा रही है। इसके बाद मुख्य परीक्षा एक मार्च से शुरू होगी। इधर बोर्ड की मुख्य परीक्षा के लिए भी जिला शिक्षा विभाग तैयारी करने में लगा हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी एसपी त्रिपाठी ने बताया कि सभी हायर सेकंडरी स्कूल में प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के संबंध में सभी प्रिंसिपल को बता दिया गया है। परीक्षा के साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी किया जाएगा। मूल्यांकन के बाद छात्र-छात्राओं को उनकी स्थिति से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में अपनी गलतियों को सुधार सकें।
९वीं, ११ वीं की वार्षिक परीक्षा २० से
लोकसभा चुनाव के कारण ९वीं और ११वीं की वार्षिक परीक्षाएं जल्दी हो रही हैं। इन परीक्षाओं की तारीख भी माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कर दी गई है। ये परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर २० फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षाओं के संबंध में मंडल द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उडऩ दस्ते करेंगे मॉनीटरिंग
परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों द्वारा पहुंचकर परीक्षाओं की मॉनीटरिंग की जाएगी। इस परीक्षा में नकल रोकने के लिए उडऩदस्ते भी बनाए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर नकल करने वाले छात्रों को पकड़ेंगे। प्री बोर्ड और वार्षिक परीक्षा में नकल पर नकेल लगाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा भी विशेष तैयारियां की गई हैं।