- Hindi News
- बड़ी हनुमानगढ़ी में होगी प्राण प्रतिष्ठा जलकलश यात्रा से होगी शुरुआत
बड़ी हनुमानगढ़ी में होगी प्राण प्रतिष्ठा जलकलश यात्रा से होगी शुरुआत
कार्यालय संवाददाता - नरसिंहगढ़
प्राचीन बड़ी हनुमानगढ़ी मंदिर में 9 से 13 फरवरी तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति से मिली जानकारी के मुताबिक मंदिर परिसर में बने मनकामनेश्वर महादेव और मनोकामनापूर्ण दुर्गा मंदिरों में नई प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान से की जाएगी। प्रमुख कार्यक्रम 12 फरवरी को होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर पिछले दिनों मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। आयोजन की शुरुआत 9 फरवरी को जलकलश यात्रा और मंडप प्रवेश से होगी। दूसरे दिन वेदी पूजन और देवताधिवास होगा। इसके बाद 11 फरवरी को प्रतिष्ठित की जाने वाली प्रतिमाओं को रथ में स्थापित कर शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी । 12 फरवरी को प्रतिमाओं की प्राणप्रतिष्ठा और कलश स्थापना की जाएगी। आयोजन का समापन 13 फरवरी को पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण से होगा।
हर साल निकाला जाता है चल समारोह
करीब 300 साल पुराना हनुमानगढ़ी मंदिर ब्यावरा बायपास की पहाड़ी पर मौजूद है। ब्यावरा की ओर से शहर में प्रवेश करते समय यह सामने आता है। मंदिर की हनुमान प्रतिमा को नगर रक्षक की मान्यता प्राप्त है। प्रचलित जनश्रुतियों के मुताबिक 17 वीं शताब्दी में शहर की स्थापना के दौरान इस पहाड़ी पर किले का निर्माण शुरू किया गया, लेकिन किसी कारणवश काम रोक दिया गया और किला सामने की पहाड़ी पर बनाया गया। अधूरी गढ़ी में हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित हुई। यह मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है और हर साल यहां से हनुमानगढ़ी का भव्य चल समारोह निकाला जाता है। भादो के महीने में हर मंगलवार को यहां मेला लगता है।