- Hindi News
- परिसीमन पर आपत्ति, वार्डों में जनसंख्या असंतुलन!
परिसीमन पर आपत्ति, वार्डों में जनसंख्या असंतुलन!
वार्ड 14 के पार्षद ने लगाई आपत्ति, तीन वार्डों को मिलाकर बनाया एक वार्ड
कार्यालय संवाददाता - गुना
वार्डों के परिसीमन को लेकर आपत्तियों का सिलसिला शुरू हो गया है। वार्ड 14 के पार्षद ने पूरी प्रक्रिया को सवालों के घेरे में लाते हुए नए सिरे से परिसीमन प्रस्ताव तैयार करने की मांग की है।
वार्ड 14 के पार्षद हर्ष मेर ने बुधवार को तहसीलदार कार्यालय में परिसीमन में पहली आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि वार्डों की औसत आबादी की जो सीमा तय की गई है, उसका उल्लंघन किया गया है।
कुछ वार्डों का आकार बहुत ज्यादा बढ़ा दिया है, जबकि कुछ को तय सीमा से भी कम छोटा कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से रसूखदार पार्षदों के वार्डों में जानबूझकर ज्यादा फेरबदल नहीं किया गया। उधर सीएमओ का कहना है कि दावे आपत्तियों पर अनुसंशा कर प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजे जाना है। अंतिम फैसला राज्य स्तर पर होगा। उन्होंने कहा कि आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।
1.80
लाख आबादी पहुंच गई है शहर की। इस लिहाज से नए परिसीमन ने एक वार्ड की आबादी 4890 होना चाहिए। परिसीमन इसी को आधार बनाकर हो रहा है।
यह हैं आपत्ति
- वार्ड क्रमांक 4 में नए परिसीमन के बाद आबादी 3832 होगी जबकि वार्ड 14 में 12 व 13 नंबर वार्ड को जोडऩे की वजह से 6 हजार से ज्यादा आबादी हो रही है।
- औसतन प्रत्येक वार्ड की आबादी 4890 होना चाहिए। इसमें 15 प्रतिशत की घट-बढ़ हो सकती है, लेकिन नए परिसीमन में कई वार्डों में 20 से 25 फीसदी आबादी बढ़ जाएगी।
17 तक प्रारंभिक
प्रकाशन होना था
कलेक्टर ने 8 जनवरी को सभी नगरीय निकायों को लिखे पत्र में निर्देश दिए थे कि परिसीमन के प्रस्ताव तैयार करने व प्रारंभिक प्रकाशन का काम 17 जनवरी तक किया जाए। इसके बाद दावे आपत्ति के बाद अनुसंशा सहित प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेजने की समय सीमा 25 जनवरी थी। पर यह काम तय समय सीमा से करीब 10 दिन बिलंव से चल रहा है।