- Hindi News
- भाई से प्लान नहीं लिया तो अटका दी रायल्टी बुक
भाई से प्लान नहीं लिया तो अटका दी रायल्टी बुक
खनिज अधिकारी पर लगाए जिपं अध्यक्ष ने गंभीर आरोप
कार्यालय संवाददाता - अशोकनगर
रायल्टी के लिए अग्रिम धनराशि जमा करने के बाद भी रायल्टी बुक खनिज अधिकारी द्वारा नहीं देने की शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीतसिंह संधु ने कलेक्टर से की है। कलेक्टर को दिए आवेदन में श्री संधु ने खनिज अधिकारी आरके खातरकर पर मायनिंग प्लान को उनके भाई द्वारा नहीं लिए जाने के कारण रायल्टी बुक उपलब्ध नहीं कराना बताया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संधु ने बताया कि खनिज अधिकारी श्री खातरकर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जिनमें जिला खनिज अधिकारी द्वारा ठेकेदारों की फाइलों में हेराफेरी कर कागजातों को गायब करना भी शामिल हैं।
श्री संधु के अलावा खनिज अधिकारी के खिलाफ 22 जनवरी को रायलटी बुक प्रदान नहीं देने के लिए एक आवेदन अशोक कुमार, गजेन्द्रसिंह परमार, श्रीकांत त्रिपाठी ने कलेक्टर को दिया था, जिसमें यह बताया गया कि उक्त मायनिंग प्लान जिस व्यक्ति ने भी खनिज अधिकारी के भाई से लिया था उन व्यक्तियों को रॉयलटी बुक प्राप्त हो चुकी हैं। इस संदर्भ में शिकायत कर्ताओं ने शिकायती आवेदन के साथ शपथ पत्र भी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए।
जांच के लिए आयुक्त के समक्ष भी हो चुकी है शिकायत: अवैध उत्खनन को अनदेखा कर नियम विरुद्ध एवं भ्रष्टाचार तरीके से कार्य कर शासन के राजस्व को हानि पहुंचाने की शिकायत पूर्व में कुछ ठेकेदारों द्वारा ग्वालियर आयुक्त के समक्ष की गई थी। जिसमें 16 नवंबर को अवैध खनिज का परिवहन करने वाले टै्रक्टर पर कलेक्टर महोदय द्वारा 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया था।
जिस पर खनिज अधिकारी श्री खातरकर द्वारा अन्य वाहनों से तो अर्थदंड प्रस्ताव के अनुसार जमा कराया किंतु एक ट्रैक्टर के प्रकरण में कार्यालय की नोट सीट में गड़बड़कर 20 हजार रुपए अर्थदंड कर वाहन मुक्त कर दिया । इसके अलावा अन्य मामलों का भी उल्लेख आयुक्त को लिखे पत्र में किया गया है।