उन्नत खेती करने वाले किसान सम्मानित
कार्यालय संवाददाता - आष्टा
गांव बफापुर के किसान देवकरण ने खेती में कृषि तकनीक अपनाकर आर्थिक लाभ कमाया है। इससे क्षेत्र के किसानों को भी प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने भूमि व जल संरक्षण के तहत भी अच्छे कार्य कर जैविक खेती अपनाकर अपनी पहचान
बनाई है।
देवकरण ने शरबती गेहूं की उन्नत किस्म जेडब्ल्यू 17 हर्षिता से प्रति एकड़ 20 क्विंटल से अधिक उत्पादन लिया है। कृषि वैज्ञानिकों ने उनके श्रेष्ठ कार्य को देखते हुए बफापुर को गोद लिया है। वर्ष 2013-14 में देवकरण को जिला स्तरीय उत्कृष्ट कृषक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें २५ हजार रुपए का चेक व प्रशस्ति पत्र जिला प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने दिया। इस मौके पर कलेक्टर कवींद्र कियावत व अनेक अधिकारी मौजूद थे।
इसी तरह देवनारायण पटेल को भी अपने प्रक्षेत्र पर 5 हजार मैट्रिक टन के विशाल गोडाउन की व्यवस्था करने, ग्रेडिंग, पैकिंग यूनिट व बीज उत्पादन कार्यक्रम चलाने पर उत्कृष्ट समूह पुरस्कार दिया गया। इसमें उन्हें २० हजार रुपए का चेक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार गांव खामखेड़ा बैजनाथ के किसान दिनेश वर्मा को विकास खंड स्तर का उत्कृष्ट पुरस्कार के रूप में १० हजार रुपए का चेक व प्रशस्ति पत्र दिया गया।