पार्षद दल ने दर्ज कराई आपत्ति
कार्यालय संवाददाता - आष्टा
नगर पालिका क्षेत्र के नवीन परिसीमन को गलत बताते हुए अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष कांग्रेस पार्षद दल ने अपनी ओर से आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें बताया गया कि नवीन परिसीमन नियमों के विरुद्ध है। चुनाव आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए परिसीमन का कार्य किया गया है।
इस पर पार्षद दल ने मांग की है कि नवीन परिसीमन अव्यवहारिक है। परिसीमन की संपूर्ण कार्रवाई को निरस्त करते हुए वर्तमान नगरीय सीमा के अनुसार ही आगामी नगरपालिका चुनाव कराए जाएं तथा पहले नगर की बाहरी सीमा को स्पष्ट रूप से चिहिंत कर राजपत्र में दर्ज कराने के उपरांत ही वार्डों का परिसीमन कर स्पष्ट रूप से बिंदुवार सीमा चिहिंत कर परिसीमन किया जाए।
नियम विरुद्ध है परिसीमन
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 11 के संबंध में पार्षद हसीब बेग ने आपत्ति लेते हुए वार्ड के परिसीमन को अनुचित तथा अव्यवहारिक तथा नियमों के विरूद्ध बताया है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका सीमा निर्धारण अधिनियम 1961 की धारा 71 के अनुसार नहीं है तथा अकुशल कर्मचारियों तथा जल्दबाजी में किया गया वार्ड परिसीमन है, जिससे नगर के विकास में बाधा उत्पन्न होगी। वार्ड क्रमांक १1 की सीमा को अनावश्यकरूप से पपनास नदी के छोर तक ले जाकर मिलाया गया है। इससे वार्ड का क्षेत्रफल अन्य वार्डों की तुलना में तीन गुना बढ़ गया है। इससे सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
नहीं रखा गया ध्यान
वार्ड क्रमांक ११ के वार्ड परिसीमन में इस बात का ध्यान नहीं रखा गया है कि आंगनबाड़ी केंद्र तक गर्भवती महिलाओं व बच्चों को पहुंचने में कई प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वार्ड की बढ़ी हुई सीमा में वार्ड के नागरिकों को उपभोक्ता भंडारण तक जाने में भी कई समस्याएं उत्पन्न होंगी। वार्ड का परिसीमन करते समय इस बात का ध्यान भी रखा जाना था कि वार्ड के पोलिंग बूथ रेंज कार्यालय तक मतदाता नहीं पहुंच सकेंगे, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होगा।
इन्होंने दर्ज कराई आपत्ति
अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने वालों में पार्षद हसीब बेग, खालिद पठान, इदरीस मंसूरी, बदरूद्दीन बद्दाभाई, मेहमूद अंसारी, मोईनूद्दीन मंटाभाई, अनीस ठेकेदार, सलीम खां, शकील खां, तौफीक मैकेनिक, अनिल धनगर, राकेश तिवारी व दीपक कंचन हैं।