स्कूल में लगी विधानसभा, उठाए मुद्दे
ञ्च एक्सीलेंस स्कूल में विद्यार्थियों ने किया विधानसभा कार्यवाही का मंचन
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
विधानसभा में होने वाली कार्यवाही की तर्ज पर मंगलवार को शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में भी छात्रों ने इसका मंचन किया। इस दौरान प्रदेश की समस्याओं को प्रमुखता से छात्रों ने उठाया।
कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय उपस्थित थे। विशेष अतिथि अरुणा राय थीं और अध्यक्षता प्राचार्य आरके बांगरे ने की।
पं. कुंजीलाल दुबे संसदीय विद्यापीठ द्वारा युवा संसद के तहत मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही का मंचन हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने विधानसभा के प्रश्न काल, शून्यकाल एवं स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की। इस दौरान युवा संसद के विपक्षी सदस्यों ने प्रदेश में ओला पीडि़त किसानों व नष्ट हुई फसलों पर मुआवजा दोगुना करने की बात उठाई। सदस्य गोविंद सिंह कराडा ने भी प्रश्न काल में संविदा शिक्षकों की भर्ती और स्कूल भवनों के निर्माण का मुद्दा उठाया। शिक्षा मंत्री ने प्रतिभा मैथिल राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत २५ हजार शाला भवनों के निर्माण की जानकारी दी। सदस्य दिव्या मालवीय ने महिला अत्याचार एवं बढ़ते अपराध पर प्रश्न उठाया। इस पर गृहमंत्री आरती तिवारी ने निर्भया दल की जानकारी देते हुए शीघ्र ही पुलिस बल में व्यापमं द्वारा २२०० कांस्टेबल भर्ती की जानकारी दी।
विपक्षीय सदस्य विशाल पाटीदार ने शून्यकाल में घोटाले की सीबीआई जांच को लेकर जमकर हंगामा किया। इस पर मुख्यमंत्री सागर शर्मा ने एसटीएफ जांच पर भरोसा जताया। विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष रोहित वर्मा ने सरकार के खिलाफ स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया। सदस्य रीना वर्मा, सलोनी मालवीय ने स्थगन प्रस्ताव का समर्थन किया। विपक्षीय सदस्यों में पवन गौर, राजेंद्र गौर, मोहित जावट व राजकुमारी ने गर्भग्रह में हंगामा किया।
इधर जवाब में मुख्यमंत्री ने स्थगन प्रस्ताव का जवाब देते हुए स्वर्णिम मप्र बनाओ को साकार करने की बात कही। अध्यक्ष दीपक वर्मा ने स्थगन प्रस्ताव ध्वनिमत से अस्वीकार कर दिया। कार्यक्रम का संचालन संसदीय पीठ के दिनेश कुमार शर्मा, नूजत अनीस ने किया और आभार डीके राय ने माना।
शहर विकास की भी उठी बात
युवा संसद के दौरान सीहोर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। इस पर नगरीय प्रशासन मंत्री रिंकी राय ने सीहोर को विकास के लिए ११ करोड़ रुपए स्वीकृत करने की जानकारी दी।
सदस्य शिवानी प्रजापति व हिमांशु राठौर ने बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। इस पर ऊर्जा मंत्री प्रेक्षा ताम्रकार ने अटल ज्योति की जानकारी दी। सदस्य मातादीन राय, शिवराज व अक्षय कुशवाह ने बालिका कुपोषण और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस मौके पर स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे।
सीहोर. इस तरह से विधानसभा की कार्यवाही में छात्र-छात्राओं ने विधायक की भूमिका निभाई।