- Hindi News
- लोन की राशि जमा नहीं हुई तो तोड़ डाला ट्रक
लोन की राशि जमा नहीं हुई तो तोड़ डाला ट्रक
ञ्चखेत से पुलिस ने मंगलवार को किया था ट्रक जब्त
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
महोडिय़ा गांव में एक खेत के पास ट्रक को कटर मशीन से काटने के मामले में पुलिस ने ट्रक मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। श्रीराम फायनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर यह मामला पंजीबद्ध किया गया है।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि महोडिय़ा गांव में एक कुएं के खेत पर एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा है। इसके बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी जो कटर से ट्रक को काट रहे थे, वह भाग गए थे। चैसिज और इंजन नंबर के आधार पर जब पुलिस ने पड़ताल की तो ट्रक बाग सेवनिया निवासी मुकेश कुमार का निकला।
पुलिस के अनुसार यह ट्रक भोपाल नाका स्थित श्रीराम फायनेंस कंपनी की शाखा से फायनेंस किया गया था। फायनेंस होने के बाद ट्रक की 17 किश्तें भी ओवरड्यू थीं। ऐसे में फायनेंस की रकम चुकाने से बचने के लिए ट्रक मालिक मुकेश ही ट्रक को काटकर ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने प्रबंधक कुमार आनंद की रिपोर्ट पर मुकेश कुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
5 लाख से अधिक का था फायनेंस
फायनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक श्री आनंद के अनुसार बाग सेवनिया निवासी मुकेश को ट्रक खरीदने के लिए कंपनी ने 5 लाख रुपए फायनेंस किए थे। लेकिन मुकेश किश्त जमा नहीं कर रहा था। इस पर 17 किश्तें ओवरड्यू चल रही थीं। उल्लेखनीय है कि इस तरह से नगर व जिले से पहले कई वाहन चोरी हो चुके हैं। इस तरह के मामलों में यही बात सामने आती है कि लोग लोन की राशि अदा नहीं करने के चक्कर में वाहनों को इस तरह काटकर खत्म कर देते हैं। इसके बाद वह खुद ही थानों में रिपोर्ट दर्ज करा देते हैं कि उनका वाहन चोरी चला गया है। इस तरह से बाद मे वह लोन चुकाने से भी बच जाते हैं।