आज सामूहिक अवकाश पर रहेंगे सभी डाक्टर
40 डाक्टरोंं ने एक साथ छुट्टी के आवेदन दिए
कार्यालय संवाददाता - गुना
जिला अस्पताल के समस्त डॉक्टर शुक्रवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके लिए उन्होंने बकायदा छुट्टी ली है। डॉक्टरों के अवकाश पर चले जाने की वजह से ओपीडी एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो जाएगी।
डॉक्टरों ने करीब 4 दिन पूर्व ही अवकाश पर जाने की चेतावनी दे दी थी। उन्होंने आवेदन देकर छुट्टी भी स्वीकृत करा ली थी। मप्र चिकित्सा संघ पूरे प्रदेश में सामूहिक आंदोलन कर रहा है। इसके लिए उन्होंने सहमति बना ली थी। जिला अस्पताल के करीब 40 डॉक्टर अवकाश पर रहेंगे। इससे पूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो जाएगी। ओपीडी के अलावा वार्ड में भर्ती मरीजों को भी डॉक्टर नहीं देखेंगे। उन्हें सिर्फ रुटीन उपचार दिया जाएगा। पूरी अस्पताल सिर्फ कर्मचारियों के हवाले रहेगी। सीएमएचओ डॉ. डीके भार्गव का दावा है कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर इस आंदोलन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका कहना है कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात किसी भी डॉक्टर ने छुट्टी को आवेदन नहीं दिया है। सिर्फ जिला अस्पताल के डॉक्टर छुट्टी पर रहेंगे।
क्या है मांग
चिकित्सा संघ के डॉ. जेबी सिंह धाकड़, डॉ. एसपी जैन ने बताया कि सिवनी जिले में 21 जनवरी को लखनादौन में एक किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो जाने के मामले में वहां के डॉक्टर और स्टाफ पर बिना जांच-पड़ताल किए मुकदमा दर्ज किया गया। ऐसे ही धार जिले मेें भी अस्पताल के स्टाफ पर अपराध दर्ज किया गया। चिकित्सा संघ का कहना है कि ऐसे मामलों में जांच किए बिना अस्पताल के स्टाफ पर कार्रवाई न की जाए।
एस्मा लगाया : डॉक्टरों के इस आंदोलन को देखते हुए सरकार ने एस्मा लगा दिया है। वहीं अस्पताल प्रबंधक का कहना है कि संविदा चिकित्सक एवं आयुष डॉक्टरों की सेवाएं ली जाएंगी।