फिर जांच के घेरे में मनरेगा
कार्यालय संवाददाता - गुना
जनपद पंचायत आरोन की बरखेड़ा हाट पंचायत में मनरेगा के तहत हुए कथित घोटाले की जांच लोकायुक्त को सौंप दी गई है। विशेष न्यायाधीश ((लोकायुक्त)) आरपी मनकेलिया ने 29 मार्च तक इस मामले में जांच रिपोर्ट तलब की है। फरियादी शिवकुमार शर्मा, रामवीर रघुवंशी व देवीलाल साहू ने बताया कि पंचायत में फर्जी मस्टर रोल के जरिए लाखों रुपए की हेरफेर की गई है। कई काम मौके पर किए ही नहीं गए, लेकिन उन पर पैसा निकाल लिया गया। पुराने तालाबों को मनरेगा के तहत बनवाया जाना बताया गया। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने पर फरियादियों ने अदालत की शरण ली।
कई को नोटिस जारी
लोकायुक्त ने कई मामलों में अधिकारियों सहित अन्य लोगों को नोटिस जारी किए हैं। उक्त लोगों के बयान दर्ज करने व संबंधित दस्तावेज तलब करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें तत्कालीन एसडीएम डीके जैन, नायब तहसीलदार होकम सिंह गहलोत, नायब तहसीलदार प्रदीप शर्मा आदि शामिल हैं। वहीं एक अन्य मामले में जनशिक्षण संस्थान के निदेशक को भी नोटिस जारी किए गए। जमीन की हेरफेर से जुड़े एक मामले में कलेक्टर से पूरा रिकॉर्ड पेश करने के लिए नोटिस दिए गए हैं।