प्रश्नपत्र से नदारद था 16 अंक का प्रश्न
निज संवाददाता - सिरोंज
बुधवार को सम्पन्न हुए बीएड के साइंस विषय के प्रश्नपत्र में 16 अंकों का एक प्रश्न ही नदारद था। परीक्षार्थियों ने इस समस्या को लेकर एक आवेदन भी कालेज प्रबंधन को दिया गया है।
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड परीक्षा में भी विवि का लापरवाही भरा रवैया कम नहीं हो रहा है। बुधवार को बीएड का साइंस विषय का परचा था। प्रहलाद विश्वकर्मा, वीरेन्द्र रघुवंशी तथा अन्य छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र में पूर्णांक तो सौ ही अंकित किया गया था। बावजूद इसके प्रश्न केवल 84 अंकों के ही थे। प्रश्नपत्र में पांच प्रश्न थे। जिनमें पहला प्रश्न 20 अंक, दूसरा, तीसरा, चौथा एवं पांचवां प्रश्न 16-16 अंकों के थे। इनका योग 84 अंक बन रहा था। परीक्षार्थियों द्वारा इस संबंध में परीक्षा प्रभारी को आवेदन भी दिया गया है।
कुलसचिव के नाम दिए गए इस आवेदन में विज्ञान विषय में पूर्णांक 84 अंक के आधार पर ही मूल्यांकन करने की मांग की गई। इसके पहले भी बीएड के पहले प्रश्नपत्र का अंतिम प्रश्न अधूरा था। एलबीएस कालेज में परीक्षा प्रभारी एसआर तिवारी ने बताया कि परीक्षार्थियों से प्राप्त आवेदन को विवि भेज दिया गया है।