पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नशे से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान

नशे से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा मद्य निषेध संकल्प दिवस के अवसर पर निबंध, वाद-विवाद तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम उमराव सिंह मरावी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम श्री मरावी ने कहा कि मादक पदार्थो के सेवन से व्यक्ति, और समाज पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने उपस्थित बच्चों से आव्हान किया गया कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे जनजागृति अभियानों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। बच्चों से कहा गया कि वे अपने घर-परिवार में नशा करने वाले परिजनों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं और उन्हें इसे त्यागने के लिए प्रेरित करें। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य एके सोनी ने कहा कि वर्तमान में देश में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थो के उपयोग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। समाज में शराब, गांजा, भांग, अफीम एवं धूम्रपान का प्रचलन तो है ही लेकिन अब चरस, स्मैक, कोकीन, ब्राउन शुगर, एलएसडी आदि जैसे अत्याधिक घातक मादक दवाओं एवं पदार्थों के उपयोग का प्रचलन भी बढ़ रहा है। इससे व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक हानि के साथ-साथ सामाजिक स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। सामाजिक न्याय विभाग की उप संचालक प्रमिला वायकर ने कहा कि वर्तमान में किशोर एवं युवा पीढ़ी नशापान के व्यसन की ओर बढ़ रही है, यह चिंतनीय है। इसमें दो मत नहीं है कि नशा हमारे जीवन के लिए हर प्रकार से नुकसानदेह है। इससे व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे, पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष यूपीएन सक्सेना सहित छात्राएं उपस्थित रहीं।
भरवाया गया संकल्प पत्र : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यक्तियों एवं बच्चों से नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने का संकल्प पत्र भरवाया गया।



चित्रकला स्पर्धा में पुरस्कृत

मद्य निषेध संकल्प दिवस पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय कन्या विद्यालय की कुमारी शिरीन नजऱ को प्रथम, सुरभी कुशवाह को द्वितीय तथा उत्कृष्ट विद्यालय की सुलेखा महावर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

रायसेन। मद्य निषेध संकल्प दिवस पर छात्राओं को किया सम्मानित।

मद्य निषेध संकल्प दिवस पर हुईं शासकीय कन्या उमा विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं, बच्चों को बांटे पुरस्कार