मोटर जलने से पानी की सप्लाई ठप
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
सांची रोड स्थित चिनार पार्क में लगे टयूबवेल की मोटर जलने से आधा दर्जन बस्तियों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। इन बस्तियों में रहने वाले लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। नल नहीं आने की स्थिति में लोगों को इधर-उधर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सांची रोड स्थित चिनार पार्क में लगे टयूबवेल से सांई बिहार कालोनी, कलेक्टोरेट कॉलोनी, पुलिस लाइन, तहसील कार्यालय के पीछे सहित अन्य बस्तियों में पानी की सप्लाई की जाती है। गुरुवार को यहां पर लगे टयूबवेल की मोटर जल गई, जिससे इन बस्तियों में पानी प्रदाय करना मुश्किल हो गया।
जब नल नहीं आए तो इन कालोनियों में रहने वाले लोगों को हैंडपंप से या फिर जिन लोगों के यहां पर जेटपंप लगे हैं, उनके यहां से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ा। एक माह के भीतर दूसरी बार यह मोटर जली है। इनमें से कई कॉलोनियों में हैंडपंप भी नहीं लगे हैं, ऐसी स्थिति में यहां रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रायसेन। चिनार पार्क के पास लगे ट्यूबवेल को सुधारते नपा के कर्मचारी।