ताजपुर रोड पर आसान होगा सफर
रायसेन - सड़क के अभाव में कई सालों से परेशानी झेल रहे ताजपुर के लोगों की समस्या अब शीघ्र हल होने वाली है। नगर पालिका परिषद ने सागर रोड से ताजपुर तक करीब डेढ़ किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
वार्डवासी कई सालों से जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे थे। सड़क के खास्ता होने से ताजपुरवासियों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यहां के रहने वाले लोगों की समस्या को भास्कर में भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन द्वारा सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया है।
ताजपुर निवासी देवेंद्र विश्वकर्मा का कहना है कि सड़क पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा था। सड़क बनने के बाद यहां रहने वाले लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का निदान हो जाएगा।