पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वार्ड परिसीमन को लेकर आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरी

वार्ड परिसीमन को लेकर आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
निज संवाददाता - बेगमगंज
नगर पालिका परिषद के 18 वार्डों का पुन: सीमांकन के बाद वार्ड विभाजन का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी ने उक्त कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण होने का आरोप लगाया है। इसे लेकर जुलूस निकाला और तहसीलदार पीआर नागले को ज्ञापन सौंपा। इसमें त्रुटिपूर्ण परिसीमन कार्रवाई को स्थगित कर वार्डों की स्थिति को यथावत रखे जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका क्षेत्र के 18 वार्डों का पुन:परिसीमन होने संबंधी विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके अनुसार पार्टी विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से वार्डों की सीमाओं व वार्डों के क्रम को इधर-उधर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है, जो कि गलत है। उपरोक्त वार्ड विभाजन एवं नए वार्ड नंबरों को प्रस्तावित किए जाने से लोगों में हड़कंप मच गया है। यदि वार्डों का विभाजन एवं क्रम बदलता है तो सभी नागरिकों को आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, राशन कार्ड, समग्र आईडी, पासपोर्ट, आय जाति निवासी प्रमाण पत्रों इत्यादि सहित सभी आवश्यक शासकीय दस्तावेजों में वार्डों के नाम एवं क्रमांक बदले जाने की प्रक्रिया से पुन: गुजरना पड़ेगा। इससे कि लोगों को आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंचेगी। आम आदमी पार्टी ने प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पार्टी विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए पक्षपात पूर्ण कार्रवाई समाप्त नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश गुप्ता, राजकुमार जैन, शैलेन्द्र जैन, सईद अंसारी, मनीष गुप्ता, शशिभूषण राजपूत, भगवानदास शर्मा, इंद्राज गुप्ता, फरीद खां, राशिद खां, फईम खां, असलम खां, शानू खां, नीलेश नेमा, महेश, असलम, वीरेंद्र पठया, पुरुषोत्तम आदि शामिल थे।




बेगमगंज। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए।