आज स्वास्थ्यकर्मी रह सकते हैं हड़ताल पर
निज संवाददाता - बेगमगंज
सिवनी जिले के लखनादोन के शासकीय अस्पताल के डॉक्टर्स एवं स्टाफ नर्स पर धारा 304 ए का प्रकरण दर्ज करने के विरोध में प्रदेशव्यापी आव्हान पर तहसील के स्वास्थ्यकर्मी शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर जा सकते हैं। सिवनी जिले के लखनादोन शासकीय अस्पताल में पदस्थ डॉ. ज्योतिवाला पंद्रे एवं स्टाफ नर्स वसुंधरा रजक द्वारा इलाज के दौरान एक 16 वर्षीय लड़की की मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने संबंधितों पर धारा 304 ए का प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लेकर 24 घंटे से अधिक तक बंदी बनाकर रखा। इसके विरोध में मप्र चिकित्सा अधिकारी संघ, मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, मप्र लघु वेतन कर्मचारी संघ, मप्र नर्सेस एसोसिएशन, मप्र स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, मप्र हेल्थ एवं चिकित्सा शिक्षा एंपलाइज एसोसिएशन एवं मप्र न्यू बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के संयुक्त आव्हान पर कामबंदी रखी जाएगी। इसमें तहसील के 88 कर्मचारी शामिल होंगे। इनमें डॉक्टर,आयुष डाक्टर्स, नर्स कंपाउंडर, ड्रेसर, रेडियोग्राफर, लैब तकनीशियन, महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता, नेत्र सहायक, भृत्य,दाई, धोबी, सफाई कर्मचारी, क्लीनर, आया आदि के हड़ताल पर रहने से लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान होंगे।
ये हैं प्रमुख मांगें
डाक्टर्स एवं स्टाफ पर बिना तकनीकी जांच के दर्ज किए गए 304 ए का प्रकरण निरस्त किया जाए। गैर कानूनी रूप से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों पर धारा 304 ए के प्रकरण दर्ज करने वाले अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदेश के अस्पतालों में तोडफ़ोड़ एवं चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के विरुद्ध मारपीट करने या कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावशाली तरीके से लागू करना सुनिश्चित किया जाए।
डॉक्टर और नर्स पर प्रकरण दर्ज करने का विरोध