- Hindi News
- तीस तक नहीं मिला मानदेय तो प्रदेशभर में हड़ताल
तीस तक नहीं मिला मानदेय तो प्रदेशभर में हड़ताल
दतिया। भांडेर में रोजगार सहायकों के आंदोलन के समर्थन में ज्ञापन सौंपते सचिव।
प्रदेशभर में हड़ताल की चेतावनी
दतिया रोजगार सहायक संगठन का एक दो सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल बुधवार को भोपाल पहुंचा। जिलाध्यक्ष रोहित दांगी व सचिव धर्मेंद्र दांगी ने यहां प्रदेश संगठन से चर्चा की। प्रदेश संगठन ने आश्वासन दिया कि अगर 30 जनवरी तक दतिया के रोजगार सहायकों को मानदेय नहीं दिया जाता तो, प्रदेश भर के रोजगार सहायक कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे।
रोजगार सहायकों का धरना तीसरे दिन भी जारी। भांडेर के पंचायत सचिव भी आए समर्थन में, ज्ञापन सौंपा।
भास्कर संवाददाता - दतिया
बुधवार को तीसरे दिन भी रोजगार सहायकों का धरना व कलमबंद हड़ताल जारी रही। 15 माह के वेतनमान की मांग को लेकर रोजगार सहायक बारिश व सर्दी में भी अपनी मांग को लेकर डटे रहे। इस दौरान भांडेर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिवों ने रोजगार सहायकों की हड़ताल के समर्थन में कलेक्टर रघुराज एमआर के नाम नायब तहसीलदार रामदीन को ज्ञापन सौपा।
मालूम हो कि सोमवार को रोजगार सहायक 15 माह के वेतनमान की मांग को लेकर रैली के रूप में कलेक्टर रघुराज एमआर को ज्ञापन सौंपने गए थे। जब कलेक्टर रघुराज ज्ञापन लेने के लिए नहीं आए तो रोजगार सहायक कलेक्टोरेट के सामने धरने पर बैठ गए। मंगलवार को मौसम खराब होने व किसी अधिकारी द्वारा खैर-खबर न लेने से आक्रोशित रोजगार सहायकों ने अनामय आश्रम पर पहुंच कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया, साथ ही कमलबंद हड़ताल की घोषणा कर दी। मंगलवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के दौरान भी रोजगार सहायकों को धरना व हड़ताल जारी रही।
रोजगार सहायकों का मानदेय बढया जाए
बुधवार को भांडेर ब्लॉक के पंचायत सचिवों ने रोजगार सहायकों के समर्थन में कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार रामदीन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि अगर शीघ्र रोजगार सहायकों का मानदेय नहीं दिया गया तो सचिव भी हड़ताल पर चले जाएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष भगवत सिंह यादव, उत्तम सिंह, शिवकुमार, हाकिम यादव, शिवकुमार दुबे, शिशुपाल सिंह यादव, नरेन्द्र दीक्षित, मंजेश श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, गजेंद्र राजपूत, बलवीर सिंह यादव, संजय दुबे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।