- Hindi News
- अवैध उत्खनन करने वालों को बड़ौनी थाना प्रभारी दे रहे संरक्षण
अवैध उत्खनन करने वालों को बड़ौनी थाना प्रभारी दे रहे संरक्षण
चंबल रेंज आईजी को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग।
दतिया - आईजी साहब! थाना प्रभारी बड़ौनी रेत माफिया के साथ मिलकर अवैध उत्खनन करवा रहे हैं। जब मैने अवैध उत्खनन की सूचना दी तो थाना प्रभारी ने मुझे ही फंसाने की नीयत से मेरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर मामला दर्ज कर लिया।
यह बात छोटी बड़ौनी निवासी बृजभूषण तिवारी व लंबकना निवासी मंगल सिंह परमार ने बुधवार को आईजी चंबल रेंज एमएस अफजल को सौंपे ज्ञापन में कही। दोनों व्यक्तियों ने बताया कि थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी, रमेश यादव व राजेंद्र रावत को रेत का अवैध उत्खनन करने के लिए संरक्षण दिए हुए हैं। 17 जनवरी को मैंने दतिया पुलिस अधीक्षक को रात को सूचना देकर इन दोनों के रेत के ट्रैक्टर पकड़वाए लेकिन थाना प्रभारी तिवारी ने इन दोनों के रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली करवाकर वापस कर दिए। इतना ही नहीं थाना प्रभारी ने मंगल सिंह परमार के गृहकार्य के लिए रखी दो ट्रॉली रेत घर से पकड़कर थाने में रखवा दी और मेरे विरुद्ध असत्य अपराध दर्ज कर दिया। अत: मेरे विरुद्ध दर्ज अपराध की जांच करवाकर माफिया को संरक्षण देने वाले थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इस संबंध में आईजी एमएस अफजल का कहना है कि शिकायती आवेदन की जांच एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। वे दो दिन में रिपोर्ट पेश करेंगे।