बारिश थमी, चटक धूप खिलने से मिली राहत
भास्कर संवाददाता - श्योपुर
जिलें में दो दिन से जारी रिकॉर्ड तोड़ बारिश का दौर गुरुवार सुबह थम गया। मौसम साफ होने के साथ ही दिन में चटक धूप खिलने से जिलावासियों ने राहत महसूस की है। हालांकि सर्दी के तीखे तेवर बरकरार है। हालांकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13.0 और अधिकतम 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्योपुर जिले में मंगल-बुधवार को बेमौसम बारिश ने पिछले दस साल का रिकार्ड ध्वस्त कर दिया। बारिश की मार से फसलें भी प्रभावित हुई । गुरुवार को मौसम ने पलटा मारा। बीती शाम तक जिले के अधिकतर इलाकों में बारिश करने वाले बादल छंट गए। दो दिन से बादलों की ओट में छिपे सूर्यदेव ने आज सुबह 11 बजे दर्शन दिए। लोगों ने गुनगुनी धूप का भरपूर आनंद लिया। शहर में जगह-जगह खुले स्थानों और घरों की छतों पर लोग समूहों में धूप सेकते नजर आए। बारिश का दौर थमने और धूप खिलने से खासकर किसानों ने राहत की सांस ली है। जिले में लगातार हो रही बारिश ने आम लोगों की भी मुश्किलें बढ़ा दी थी।