पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार्रवाई से पहले ट्रॉलियां गायब, एसडीओपी बोले स्पष्टीकरण लूंगा

कार्रवाई से पहले ट्रॉलियां गायब, एसडीओपी बोले-स्पष्टीकरण लूंगा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - श्योपुर
गुरुवार को एसडीओपी अशोक सिंह भदौरिया का एक अभियान अंजाम से पहले ही लीक हो गया। दरअसल एसडीओपी शहर में बीच हाईवे और बायपास रोड पर खड़ी होने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त करने के लिए पुलिस की टीम बनाकर कार्रवाई करने वाले ही थे कि यह सूचना लीक हो गई। नतीजतन रेत कारोबारी पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही गायब हो गए। हालांकि एसडीओपी ने आधा दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया। सूचना को लीक करने की शक की सुई यातायात अमले पर है। इसलिए एसडीओपी भदौरिया का इस मामले में कहना है कि वे यातायात महकमे से स्पष्टीकरण लेंगे। यातायात पुलिस की मिलीभगत उजागर हुई तो कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शहर के पाली-शिवपुरी हाईवे पर सलापुरा नहर, कॉलेज के सामने सहित बायपास रोड पर अवैध तरीके से रेत की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी होती है। यूं तो इन रेत कारोबारियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े करने के लिए टीनशेड परिसर को मुहैया कराया हुआ है। बावजूद इसके यह लोग खुलेआम नियमों को चुनौती देते हुए रेत का कारोबार करते हैं। बीच हाईवे और बायपास पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े होने के कारण लोगों को खासी असुविधा होती है। यही वजह है कि गुरुवार सुबह एसडीओपी अचानक पुलिस टीम के साथ यहां पहुंचकर रेत कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले थे। एसडीओपी इसके लिए पुलिस की एक टीम को तैयार कर ही रहे थे कि इसी बीच उनके अभियान की सूचना रेत कारोबारियों तक पहुंच गई। जब पुलिस फोर्स यहां पहुंचा तो उन्हें सारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गायब मिलीं। हालांकि एसडीओपी को यहां तीस से ज्यादा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खड़े होने की पुख्ता सूचना मिली थी।ं लेकिन यहां से सिर्फ आधा दर्जन रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को ही जब्त किया गया। साथ ही पुलिस ने करीब पांच ट्रक भी जब्त किए। एसडीओपी अशोक सिंह भदौरिया ने रेत कारोबारियों पर कार्रवाई करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी नहीं बुलाया था। उन्होंने सिटी कोतवाली और देहात थाने का ही फोर्स टीम में शामिल किया था। इसके बावजूद भी कार्रवाई होने से पहले सूचना रेत कारोबारियों तक पहुंच गई।




एसडीओपी ऑफिस के प्रांगण में खड़े रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली।



ट्रैफिक पुलिस से स्पष्टीकरण ले रहा हूं

॥यह सही है कि मेरे द्वारा कार्रवाई करने से पहले ही सूचना लीक हो गई थी। इसलिए अधिकांश रेत कारोबारी भाग गए थे। मौके से आधा दर्जन ही रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त हो पाए। मैं इस मामले में ट्रैफिक पुलिस से स्पष्टीकरण ले रहा हूं।ञ्जञ्ज

अशोक सिंह भदौरिया, एसडीओपी, श्योपुर

पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर भाग गए रेत कारोबारी