- Hindi News
- खिलौना रिवॉल्वर दिखाकर अगवा की गई थी किशोरी
खिलौना रिवॉल्वर दिखाकर अगवा की गई थी किशोरी
अपहरण करने वाले दो भाइयों में से एक गिरफ्तार।
भास्कर संवाददाता. श्योपुर
सेसईपुरा थाना क्षेत्र में रानीपुरा के जंगल से आठ दिन पूर्व लकड़ी बीनने गई आदिवासी किशोरी का अपहरण सजातीय दो सगे भाइयों ने किया था। इसके लिए उन्होंने चिट पिटी चलाने वाली नकली रिवॉल्वर से युवती और उसकी साथी महिला को धमकाया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे आरोपी व नकली रिवॉल्वर की तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार 17 जनवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे रानीपुरा के जंगल से दो अज्ञात युवकों ने 15 वर्षीय रबूदी आदिवासी का अपहरण कर लिया था। रबूदी अपने पड़ोस की एक भाभी के साथ लकड़ी बीनने के लिए जंगल गई थी। युवकों ने अपहरण के लिए किशोरी व उसकी साथी महिला को रिवॉल्वर भी दिखाई थी। हालांकि दो दिन बाद 19 जनवरी को रबूदी आरोपियों को चकमा देकर भाग निकली थी। रबूदी के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान साफ हुआ कि ग्राम बागलोन निवासी धर्मू उर्फ धर्मेंद्र सिंह ((22)) पुत्र करन सिंह आदिवासी और उसके छोटे भाई अटल ((20)) आदिवासी ने यह अपहरण किया था। पुलिस ने धर्मू उर्फ धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इससे पहले धर्मेंद्र ने जुर्म भी कबूला और पुलिस को यह भी बताया कि अपहरण में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर नकली थी। अब पुलिस अटल आदिवासी और नकली रिवॉल्वर की तलाश कर रही है।