प्रिंसिपल-लेक्चरर में चले लात-घूंसे
उपस्थिति रजिस्टर में लाल गोले लगाने को लेकर दोनों के बीच चल रहा था लंबे समय से विवाद।
भास्कर संवाददाता. कराहल
शनिवार को वोटर्स-डे के कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य पीएस परमार और लेक्चरर दिनेश डंडोतिया के बीच मारपीट हो गई। करीब 10 मिनट मारपीट के बाद दोनों एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे। हालांकि टीआई की थाने पर गैर मौजूदगी के कारण दोनों से लिखित आवेदन ले लिए गए। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई की बात कही है। घटनाक्रम अपराह्न 2 बजे का है। लेक्चरर का आरोप है कि शिक्षक उनके उपस्थिति रजिस्टर में जानबूझकर लाल गोले लगा देते थे। जबकि प्राचार्य का कहना है लेक्चरर रोज देरी से आते थे। इसलिए लाल गोले लगाते थे। वे अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे थे।
कराहल के उत्कृष्ट स्कूल में वोटर्स-डे में बतौर मुख्य अतिथि प्राचार्य पीएस परमार शरीक हुए थे। इसी समय कार्यक्रम स्थल पर प्राचार्य परमार एवं स्कूल के ही लेक्चरर दिनेश दंडौतिया के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में यह कहासुनी इस हद तक बढ़ी कि दोनों कार्यक्रम छोड़कर स्कूल के परिसर में एक ओर चले गए।
थोड़ी ही देर बाद दोनों में लात-घूंसे चलने लगे। इस हंगामे के कारण पीटी की रिहर्सल कर रहे छात्र-छात्राओं का ध्यान बंटा और वह भी यह तमाशा देखने लगे। कुछ ब\\\'चों ने अपने मोबाइल में मारपीट का वीडियो बना लिया तो कुछ ने फोटो भी निकाले। खास बात ये रही कि वीडियो बनाने वाले ब\\\'चों व तमाशबीनों को भी दोनों मारने के लिए दौड़े। हालांकि बाद में स्कूल के शिक्षकों ने बीचबचाव कर दोनों को अलग किया। इस कोशिश में उत्कृष्ट छात्रावास के अधीक्षक बृजेंद्र सोलंकी को भी चोट आ गई। बहरहाल, मारपीट खत्म होने के बाद पहले प्राचार्य परमार थाने पहुंचे तो बाद में व्याख्याता दंडौतिया ने भी पुलिस को आपबीती सुनाई। टीआई कराहल रामानंद शर्मा की थाने पर गैरमौजूदगी के कारण प्रभारी हाकिम सिंह यादव को दोनों ने लिखित में एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत की। श्री यादव ने कहा कि हम मामले की जांच के बाद किसी तरह की कार्रवाई करेंगे।