- Hindi News
- वन और राजस्व अफसरों ने लिया काटे गए जंगल का जायजा, नापी जमीन
वन और राजस्व अफसरों ने लिया काटे गए जंगल का जायजा, नापी जमीन
रानीपुरा के जंगल में सैकड़ों हरे-भरे पेड़ काटने का मामला। तहसीलदार बोले- संयुक्तदल के भ्रमण के बाद अब कार्रवाई होगी
भास्कर संवाददाता. कराहल
रानीपुरा में आसाराम गौशाला के पास एक पखवाड़े में काटे गए सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों के मामले में शनिवार को वन एवं राजस्व अफसरों ने संयुक्त दल बनाकर मौके का जायजा लिया। साथ ही जमीन की नापजोख भी की। वन अफसरों ने इस जमीन को राजस्व का क्षेत्र बताकर अपना पड़ला झाड़ लिया। उधर राजस्व अफसरों ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। हालांकि तहसीलदार भरत कुमार ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
रानीपुरा में राजस्व विभाग की जमीन पर गुजरे 15 दिन के भीतर सैकड़ों हरे पेड़ काटे गए हैं। वन और राजस्व अफसरों की अलग-अलग जांच में इसकी पुष्टि भी हो चुकी है। फिर भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। शनिवार को दैनिक भास्कर में ‘हरियाली पर चल रही कुल्हाड़ी, अफसर नहीं कर रहे कार्रवाई’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद एसडीओ फॉरेस्ट आलोक कुमार, एसडीएम एचसी कोरकू और तहसीलदार भरत कुमार के संयुक्त दल ने घटनास्थल का जायजा लिया। तीनों अफसरों ने इस बात पर भी एकराय बनाई कि जिस जमीन से पेड़ काटे गए हैं, वह किसके नाम दर्ज है। एसडीओ फॉरेस्ट आलोक कुमार ने कहा कि जमीन राजस्व की है। इसलिए हमने शनिवार को नक्शा मौके पर ले जाकर राजस्व अफसरों को इसकी जानकारी दी है।
उधर संयुक्त दौरे के बाद एसडीएम एचसी कोरकू ने मीडिया से किसी तरह की जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। हालांकि तहसीलदार भरत कुमार का कहना था कि संयुक्त दल ने जायजा लेकर आगे की कार्रवाई की योजना बनाई है। जांच के बाद तहसीलदार ने पेड़ों की कटाई की भी पुष्टि की। साथ ही उन्होंने कहा कि हम अफसरों से बातचीत कर यह निर्णय ले रहे हैं कि इस प्रकरण में क्या कार्रवाई की जा सकती है?