- Hindi News
- गणतंत्र की 64वीं वर्षगांठ आज कलेक्टर पाटील करेंगे ध्वजारोहण
गणतंत्र की 64वीं वर्षगांठ आज कलेक्टर पाटील करेंगे ध्वजारोहण
भास्कर संवाददाता. श्योपुर
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की 64वीं वर्षगांठ रविवार 26 जनवरी को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है, जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर ज्ञानेश्वर बी पाटिल ध्वजारोहण कर आकर्षक परेड की सलामी लेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि एसएएफ, जिला पुलिस, होमगार्ड, रेडक्रास, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय की टुकडिय़ों की सलामी लेंगे। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से झांकियां निकाली जाएंगी। शनिवार को स्टेडियम ग्राउंड पर परेड की टुकडिय़ों ने अंतिम रिहर्सल करने में पसीना बहाया।
संस्कृति विभाग गणतंत्र दिवस की शाम जिला मुख्यालय के शासकीय कन्या उमा विद्यालय परिसर में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी भी लगेगी।