- Hindi News
- नपा के विशेष सम्मेलन में नहीं आए अध्यक्ष सीएमओ, बैठक स्थगित
नपा के विशेष सम्मेलन में नहीं आए अध्यक्ष-सीएमओ, बैठक स्थगित
21 में से चार पार्षद ही हुए उपस्थित, कोरम के अभाव में निरस्त हुआ सम्मेलन
भास्कर संवाददाता. श्योपुर
शहर के विकास व लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने के लिए नगरपालिका के अफसर व जनता द्वारा चुने गए अध्यक्ष व पार्षद कतई गंभीर नहीं हैं। यही वजह है कि सोमवार को वार्ड विभाजन के लिए आहूत परिषद के विशेष व्यापक सम्मेलन में नगरपालिका श्योपुर की अध्यक्ष मीरा गर्ग, सीएमओ पीके सिंह सहित 17 पार्षद शामिल होने नहीं पहुंचे। चार पार्षद ही केवल बैठक में पहुंचे जो बहुत देर तक सबका इंतजार करते रहे और अंत में कोरम के अभाव में सम्मेलन निरस्त करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शासन ने शहर का विस्तार करने के लिए वार्डों का विभाजन करने के आदेश जारी किए हैं। वार्डों का विभाजन करने से पहले शासन ने संबंधित निकायों के जनप्रतिनिधियों की राय जानना चाही है। इसी मंशा से सोमवार को नगरपालिका में विशेष व्यापक सम्मेलन का आयोजन किया गया। आज दोपहर 3 बजे से इस विशेष सम्मेलन को आहूत किया गया था। नेता प्रतिपक्ष बबली सोनी, पार्षद अनबर बालापुरी, फरकुन बानों, राजेन्द्र सोनी ही विशेष सम्मेलन में शामिल होने नपा दफ्तर पर पहुंचे। इन पार्षदों ने आधे घंटे तक नपाध्यक्ष मीरा गर्ग, सीएमओ पीके सिंह सहित अन्य पार्षदों का इंतजार किया, लेकिन न तो नपाध्यक्ष सम्मेलन में शिरकत करने आईं और न ही सीएमओ व पार्षद। शाम तीन बजे से शुरू हुए विशेष सम्मेलन में आधा घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई नहीं आया तो पार्षद बबली सोनी और फरकुन बानो यहां से चली गईं। इसके बाद अनबर बालापुरी और राजेन्द्र सोनी भी यहां से निकल गए। नतीजतन परिषद के इस विशेष व्यापक सम्मेलन को कोरम के अभाव में स्थगित कर दिया गया।
वार्ड विभाजन पर होनी थी चर्चा, कांग्रेसी पार्षदों का आरोप- भाजपा की विकास में रुचि नहीं
विकास के बजाय कमीशनखोरी में है रुचि
॥दरअसल नगरपालिका परिषद को जनता से कोई लेना-देना नहीं है। नपाध्यक्ष-सीएमओ से लेकर भाजपा के पार्षद कमीशनखोरी में व्यस्त है। फिर वे इन बैठकों में क्यो आएंगे। यह जनता के साथ छलावा है।ञ्जञ्ज
अनबर बालापुरी, कांग्रेस पार्षद नपा श्योपुर
विकास में रुचि नहीं है तो क्यों बुलाई बैठक
॥जब नपाध्यक्ष, सीएमओ सहित बीजेपी के पार्षदों को बैठकों में शामिल होना ही नहीं है तो फिर बैठक क्यों बुलाई जाती है। हम एक घंटे तक इंतजार करते रहे लेकिन व्यापक सम्मेलन में कोई भी नहीं आया। ञ्जञ्ज
बबली सोनी, नेता प्रतिपक्ष, नपा श्योपुर
पार्षद नहीं थे इसलिए मैं निकल आया
॥हां, बैठक में काफी देर तक नपाध्यक्ष और पार्षद नहीं आए थे। इसलिए मैं भी इंतजार करने के बाद काम से निकल आया। बैठक को कोरम के अभाव में स्थगित ही करना पड़ा।ञ्जञ्ज
पीके सिंह, सीएमओ, नगरपालिका, श्योपुर
मैं एक जरूरी काम से ग्वालियर आई हूं
॥मैं परिवार में एक गमी हो जाने के कारण ग्वालियर आई हुई हूं। इसलिए बैठक में शामिल नहीं हो पाई। बैठक में सीएमओ ने ही आगे की कार्रवाई की होगी।ञ्जञ्ज
मीरा गर्ग, नपाध्यक्ष, श्योपुर
नपाध्यक्ष के चेंबर में बैठी रहीं उपाध्यक्ष
नगरपालिका उपाध्यक्ष शहनाज बानो भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए नगरपालिका कार्यालय पहुंची थी। लेकिन वे सम्मेलन में शामिल होने के बजाय नगरपालिका अध्यक्ष के चेंबर में जाकर बैठ गईं। इस बीच नगरपालिका अध्यक्ष मीरा गर्ग ने सम्मेलन में संदेश भी भेजा कि वे नहीं आ सकेंगी इसलिए उनकी जगह उपाध्यक्ष से ही सम्मेलन की अध्यक्षता कराई जाए। लेकिन अध्यक्ष से मतभेद के चलते उपाध्यक्ष शहनाज बानो बैठक में शामिल नहीं हुईं।
श्योपुर। नपा के विशेष सम्मेलन में बैठे दो पार्षद व खाली कुर्सियां।