- Hindi News
- ओएफसी केबल कटी, दो माह से बीएसएनएल नेटवर्क ठप
ओएफसी केबल कटी, दो माह से बीएसएनएल नेटवर्क ठप
सड़क निर्माण की खुदाई में काट दी गई ओएफसी केबल।
भास्कर संवाददाता - श्योपुर
करीब दो माह पूर्व बीएसएनएल की ओएफसी केबल कट जाने से दो दर्जन से अधिक गांवों में मोबाइल का नेटवर्क गायब है। साथ ही लैंडलाइन फोन भी खराब हो गए हैं। बीएसएनएल के अफसरों तक गुहार लगाने के बाद भी ओएफसी केबल को जोड़ा नहीं जा रहा है। मजबूरी में ग्रामीण अब बीएसएनएल की सिम को फेंक रहे हैं।
श्योपुर मुख्यालय से 60 किमी की दूरी पर बसे बरगवां कस्बे में दो माह पूर्व सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण ओएफसी केबल कट गई थी। इस कारण बीएसएनएल का नेटवर्क गायब हो गया। बरगवां में बीएसएनएल का एक्सचेंज और मोबाइल टावर भी है, लेकिन केबल कट जाने की वजह से इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। नतीजा, कस्बे के तीन सैकड़ा मोबाइल उपभोक्ताओं के अलावा इस टावर से जुड़े ग्रामों में भी मोबाइल बंद हो गए हैं।
संपर्क कटने से बढ़ गया खतरा: बरगवां क्षेत्र में बीएसएनएल के मोबाइल ही संपर्क का एकमात्र जरिया हुआ करते थे, लेकिन नेटवर्क न मिलने की वजह से इस पूरे क्षेत्र का जिला मुख्यालय समेत दूसरे स्थलों से संपर्क कट गया है। इससे इलाके भर में खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण रामजीलाल आदिवासी, धर्मेंद्र आदिवासी, भारत जाटव, मुकेश धाकड़, बलराम आदिवासी का कहना है कि किसी भी प्रकार की घटना व दुर्घटना की सूचना देने के लिए भी अब जिला मुख्यालय पर जाना पड़ता है।
इन गांवों में मोबाइल नेटवर्क नहीं
ओएफसी केबल कट जाने से बरगवां समेत चितारा, नेहरदा, अगरा, पहाड़ी, मदनपुर, हरीपुरा, ढूढ़ी, गढ़ला, नयागांव, ढोहो, अहिरवानी, सिमरौलिया, हसनपुर, जागदा, पालमपुर, पहाड़ी, लहरौनी, चक, पाली, हीरापुर, चांदपुर, साटन, लालथा आदि गांवों में मोबाइल नेटवर्क नहीं है। इन गांवों में बीएसएनएल की प्रीपेड सेवा के करीब दो हजार से अधिक उपभोक्ता हंैं। ग्रामीण कई बार वह अफसरों से केबल सही कराने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।