- Hindi News
- अफसरों से जिपं अध्यक्ष बोलीं आप लोग ठेकेदारों के गुलाम क्यों बने हो
अफसरों से जिपं अध्यक्ष बोलीं- आप लोग ठेकेदारों के गुलाम क्यों बने हो
अध्यक्ष बोली- ठेकेदार के टेंडर डालते ही अधिकारी अपना कमीशन फिक्स कर लेते हैं और फिर ठेकेदार मनमाना काम करते हैं।
भास्कर संवाददाता - श्योपुर
गुरुवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई और सदस्यों ने अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष तो पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री पीके श्रीवास्तव पर भड़क गई। दरअसल पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री का कहना था कि उनके विभाग द्वारा एक साल में 24 सड़कों का निर्माण कर ग्रामीणों का आवागमन सुलभ कर दिया गया है। इसके जवाब में जिला पंचायत अध्यक्ष बोलीं कि मुझे ये बताओ 24 में से कितनी सड़कें उखड़ गई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के सख्त तेवर के बाद कार्यपालन यंत्री ने जवाब दिया कि यदि सड़कें उखड़ गई हैं तो इसकी जांच करा लूंगा। कार्यपालन यंत्री का जवाब सुनते ही जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा हिरनीखेड़ा, आवदा, रतोदन, बाजरली रोड पर तो आवागमन अभी से ही यातना भरा हो गया है। आप ठेकेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते? कार्यपालन यंत्री ने कहा सड़कें गारंटी पीरियड में हैं, मैं ठेकेदारों से जरूर मेंटेनेंस कराऊंगा।
ठेकेदार देते हैं कमीशन
जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों की कार्यप्रणाली पर जमकर हमला बोला। उनका कहना था कि अधिकारी ठेकेदारों के गुलाम बन जाते हैं, क्योंकि वे प्रत्येक निर्माण कार्यों में कमीशन लेते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अफसरों को कमीशन देने के बाद ठेकेदार मनमाना काम करते हैं। ठेकेदारों के घटिया काम करने के बाद अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं। शिकायत होने के बाद भी अफसर ठेकेदार पर कार्रवाई करने के बजाय इसे नजर अंदाज कर देते हैं।
अधिकारी काम नहीं करना चाहते
॥विभागों में अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। पुरानी योजनाओं में कुछ कर नहीं रहे हैं और नई योजना का काम शुरू कर देते हैं। मैं ऐसे अफसरों की मुख्यमंत्री को शिकायत करने वाली हूं।ञ्जञ्ज
गुड्डी बाई, जिला पंचायत अध्यक्ष, श्योपुर
जिला पंचायत अध्यक्ष- पीएचई के अधिकारी गांवों में पेयजल संकट पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पीएचई के एसडीओ जीपी अहिरवार- मैडम गांवों में पेयजल संकट इसलिए है, क्योंकि कई हैंडपंप खराब होने के कारण उनमें पाइप नहीं है।
जिला पंचायत अध्यक्ष- तो क्या पाइप मैं लाकर दूंगी।
एसडीओ- मैडम हमने एक महीने पहले ही पाइप के लिए ऑर्डर दे दिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष- तुम्हारा काम हमेशा ही धीमा रहा है।
जिला पंचायत सीईओ एचपी वर्मा- एसडीओ साहब, लापरवाही नहीं चलेगी, 15 दिन में पाइप मंगाकर व्यवस्था ठीक करो।
बीजेपी के नेता से तुम काम क्यों कराते हो, उसका काम तो भ्रष्टाचार करने का है
जिला पंचायत की बैठक में सदस्य डॉ. बद्रीप्रसाद रावत ने भी पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री की जमकर क्लास ली। रावत ने कहा कि तुम आधे से ज्यादा काम भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अशोक गर्ग से करा रहे हो, वो भ्रष्टाचार करने में माहिर है। उसके सारे कामों की हालत खराब हो गई है। फिर भी तुम न जाने किसके दबाव में हो। कार्यपालन यंत्री का कहना था कि हम किसी के दबाव में नहीं है, मेरे अधीनस्थ अधिकारी होंगे। रावत ने कहा कि तुम्हारे अधीनस्थ एसडीओ तो बीजेपी नेता से मिले हुए हैं। नेता टेंडर डालता है और काम अधिकारी ही करते हैं।
जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष गुड्डी बाई ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को लगाई फटकार
बैठक में अफसरों को निर्देश देतीं जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी।