पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सात माह की बच्ची को ट्रेन में सीट पर बिठाकर छोड़ गई महिला

सात माह की बच्ची को ट्रेन में सीट पर बिठाकर छोड़ गई महिला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ञ्चजीआरपी ने होशंगाबाद में शिशु गृह को सौंपा
नगर संवाददाता - होशंगाबाद
पिपरिया से इटारसी के बीच पवन एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में किन्नरों को ७ माह की बच्ची मिली है। किन्नरों ने बच्ची को ट्रेन से उतारकर जीआरपी चौकी के हवाले कर दिया जहां से बच्ची को शिशु गृह को सौंप दिया गया है। जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई पीडी दंडोतिया ने बताया कि दोपहर 1 बजे इटारसी निवासी किन्नर अन्नू को एस वन कोच में बच्ची मिली थी। पूछताछ के दौरान अन्नू ने जीआरपी को बताया कि नरसिंहपुर में महिला बच्ची के साथ चढ़ी थी। महिला की उम्र करीब 45 वर्ष के बीच थी। बच्ची को सीट पर बैठाने के बाद महिला वापस नहीं आई। अन्नू के मुताबिक उन्होंने महिला की तलाश की, लेकिन वह महिला नहीं मिली। जिसके बाद बच्ची को जीआरपी चौकी होशंगाबाद लेकर आ गए। एएसआई श्री दंडोतिया ने बच्ची को शिशु गृह के सुपुर्द कर दिया है। शिशु गृह की सदस्य ज्योति राठौर ने बताया कि बच्ची को आश्रम ले जाया जा रहा है। जहां उसकी परवरिश की जाएगी। माता-पिता को ढूंढऩे का भी प्रयास किया जाएगा।
हुलिए के आधार पर ढूंढ़ रहे हैं महिला को
जीआरपी किन्नर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। एएसआई ने बताया कि महिला को ढूंढऩे के लिए नरसिंहपुर, सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना दी गई है। साथ ही बच्ची की गुमशुदगी संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पिछले एक माह में बच्ची के ट्रेन में मिलने की यह तीसरी घटना है। इसके पूर्व मुंबई निवासी एक बालक भी जीआरपी को मिला था। वहीं सीधी सिंगरौली के भी दो बच्चे मिल चुके हैं।