ठंडी हवा से 6 डिग्री गिरा तापमान
नगर संवाददाता - होशंगाबाद
जिले में तेज ठंड फिर शुरू हो गई है। गुरुवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलीं। इसके चलते दिन के तापमान में ६ डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। गुरुवार को दिन का तापमान २२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह २८.३ डिग्री सेल्सियस था। दिन के साथ ही रात का तापमान भी १.४ डिग्री कम होकर १३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी दिन और रात के तापमान में कमी आई है। पचमढ़ी में गुरुवार को दिन का तापमान १९ डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान ८.९ डिग्री दर्ज किया गया है। गुरुवार को सुबह से ही तेज हवा चल रही थी। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार १८ किमी प्रतिघंटे तक रही। इससे ठंड बढ़ गई। हवा के कारण वाहन चलाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। दिन में घने बादल भी छाए रहे, जिससे धूप नहीं निकली। होशंगाबाद में सुबह १० बजे तक हल्का कोहरा भी छाया रहा। ठंड के कारण सबसे ज्यादा दिक्कतें स्कूली बच्चों को रही।