गैस सिलेंडर की जगह मिलेगी टीवी
ञ्च 4 फरवरी को होने वाले सामूहिक विवाह के लिए 11 जोड़ों ने कराए रजिस्ट्रेशन
नगर संवाददाता - होशंगाबाद
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में घर बसा रहे दूल्हा-दुल्हन को अब खाना पकाने के लिए खुद ही गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना होगी। योजना के तहत
विवाह रचाने वाले जोड़ों को अब शासन की ओर से उपहार में गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। गैस कनेक्शन की
प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण अब इसमें तकनीकी दिक्कतें आने
लगी हंै। इस कारण शासन स्तर से योजना के तहत गैस सिलेंडर की जगह टेलीविजन दिए जाने का निर्णय लिया गया है। अगले माह 4 फरवरी को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी जोड़ों को टेलीविजन या इतनी ही राशि के अन्य उपहार देने की तैयारी की जा
रही है। विधानसभा चुनाव के कारण 9 माह बाद मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत कृषि मंडी में जोड़ों का विवाह होगा। इस बार योजना के तहत विवाह रचाने वाले जोड़ों को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। जनपद सीईओ उमेश शर्मा ने बताया कि गैस कनेक्शन की प्रक्रिया ऑनलाइन होने से पते का मिलान करने में दिक्कतें आती हैं। पिछले साल भी एक मामला ऐसा ही हुआ था। बाद में इसे निरस्त कर दिया गया।
इस कारण इस बार व्यवस्था बदली जा रही है। इधर, खाद्य विभाग के सहायक आपूर्ति अधिकारी संतोष उइके ने बताया कि गैस कनेक्शन देने में सबसे ज्यादा परेशानी पते के वेरिफिकेशन में आती है। इससे साफ्टवेयर कनेक्शन को निरस्त कर देता है। साथ ही जिनके पास आधार नहीं होगा, उन्हें सब्सिडी मिलने में दिक्कतें होंगी।
योजना के लिए ११ जोड़े हुए तैयार
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 4 फरवरी को होने वाले सामूहिक विवाह के लिए अभी तक 11 जोड़े ही तैयार हुए हैं। इसमें ६ जोड़े जनपद पंचायत के और 5 जोड़े नगरपालिका के हैं। विवाह की तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन इस बीच गैस सिलेंडर देने की योजना में हुए बदलाव के कारण जोड़ों को भोजन व्यवस्था की फिक्र सताने लगी है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं जिससे परेशानी न हो।