लैपटॉप और हार्डडिस्क ले भागे चोर
ञ्च पाथाखेड़ा के पुराने बाजार की घटना, 3.50 लाख की चोरी
नगर संवाददाता - सारनी
पाथाखेड़ा के पुराना बाजार क्षेत्र में एक कंप्यूटर शॉप पर चोरों ने धावा बोलकर साढ़े तीन लाख रुपए के लैपटॉप और इसकी हार्डडिस्क चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। स्टेट बैंक से सटी दुकान में चोरी होने से यहां की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
पाथाखेड़ा के पुराना बाजार में स्थित जुगलकिशोर खवसे की कंप्यूटर दुकान पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात चोरों ने धावा बोला। शटर में लगे ताले और शटर के लॉक को हैक्सा से काटकर चोरों ने शटर खोला। यहां रखे तीन नए लैपटॉप, पांच सुधरने आए लैपटॉप और लैपटॉप की दो हार्डडिस्क चोरी कर ली। जुगलकिशोर ने बताया कि रात को उन्हें गश्त करने वाले पुलिस कर्मचारी ने फोन पर चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद वे यहां पहुंचे। तब पता चला कि दुकान से केवल लैपटॉप और इससे संबंधित सामान ही चोरी हुआ है। पाथाखेड़ा के पुराना बाजार के पाश इलाके से चोरी होने की घटना के बाद पुलिस की गश्त और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
विशेष बात यह है कि दुकान से सटकर ही स्टेट बैंक की मुख्य शाखा भी स्थित है। ऐसे में चोर कहीं भी धावा बोल सकते हैं।
मामले को लेकर पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
फोटो- 2
सारनी के पाथाखेड़ा में कंप्यूटर दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लैपटॉप चुरा लिए।