क्रमतदाता का मत ही लोकतंत्र का आधारञ्ज
नगर संवाददाता - हरदा
मतदाता और उसका मत ही दरअसल भारतीय लोकतंत्र या किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र का मूल आधार है। मतदाता होने पर समाज के प्रति आपकी जवाबदेही और अधिक बढ़ गई है। सभी अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से प्रयोग करें। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर शनिवार 25 जनवरी को जिला कार्यालय में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रजनीश श्रीवास्तव ने यह बात उपस्थित नवीन मतदाताओं से कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा, एएसपी मलय जैन भी उपस्थित थे। संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल पटवा ने बताया कि मतदाताओं में उनके मत की आवश्यकता और मत के मूल्य के प्रति जागरूकता का प्रसार करने के लिए 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं में अपने मत के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कई तरह के प्रयास करने की ठानी है, जिसका एक परिणाम राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में सामने आया है। कार्यक्रम में सीईओ ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारत सरकार वीसी सम्पथ के मतदाता जागरूकता संदेश का वाचन भी किया गया। इस दौरान मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं के पुरस्कार
कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता से प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। महाविद्यालय स्तर पर वाद विवाद प्रतियोगिता में पीयूष सोनी, जितेन्द्र जाट, जमीर अहमद शाह, आभा कश्यप, धर्मेंद्र पाल, निखिल चंद्रवंशी, निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी साहू, आरती गौर, प्रीतिका सोनी, स्लोगन प्रतियोगिता में निष्ठा सौदावत, राहुल राठौर, जितेन्द्र जाट को पुरस्कृत किया गया। इसी तरह विद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में शिवानी सोनी, विवेक सैनी, सुमित कैथवास चित्रकला प्रतियोगिता में कविता कुमरे, विवेक सैनी, आशुतोष मेहरा को पुरस्कृत किया गया।
फोटो 14 हरदा। शनिवार को मतदाता दिवस के मौके पर युवा मतदाताओं को शपथ दिलाई गई।