गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा
नगर संवाददाता - होशंगाबाद
जिले में गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड मैदान में हुआ। यहां विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाए। पुलिस मैदान के अलावा सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं, निकायों और स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया।
पुलिस मैदान में तिरंगा फहराने के बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री शर्मा ने परेड का निरीक्षण किया। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के संदेश का वाचन भी किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान भी किया। इस दौरान 882 स्कूली छात्रों ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी निकाली गई। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूलों में दोपहर भोजन में पकवान परोसे गए। प्राथमिक शाला एसपीएम में बच्चों के साथ नपाध्यक्ष माया नारोलिया, जनपद अध्यक्ष भगवती चौरे, कलेक्टर राहुल जैन, सीईओ जिला पंचायत केजी तिवारी ने भोजन किया। 26 जनवरी को 4 कैदियों को उनके बेहतर आचरण के चलते जिला जेल से रिहा किया गया।
स्कूल में उल्टा फहराया तिरंगा: ग्वालटोली प्राथमिक शाला में उल्टा तिरंगा फहराया गया। यहां दोपहर तक उल्टा तिरंगा लहलहाता रहा। बाद में स्कूल प्रबंधन को भनक लगने पर ध्वज को सीधा किया गया। इधर, विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला शिक्षा केंद्र को भी इस घटना की जानकारी 27 जनवरी तक नहीं लगी। डीपीसी दयाशंकर राव ने बताया कि इसकी विधिवत जांच होगी तथा नोटिस दिया जाएगा। इधर एसडीएम राजेश शाही ने बताया कि इस तरह की गलती के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। ऐसा नहीं होना चाहिए।
संस्थाओं में मना गणतंत्र दिवस:
होशंगाबाद नगरपालिका में नपाध्यक्ष माया नारोलिया ने तिरंगा फहराया। शासकीय कन्या उमा शाला जुमेराती में प्राचार्य श्रीमती चंद्ररेखा पचौरी ने ध्वजारोहण किया। स्प्रिंगडेल्स द चैम्प्स फन स्कूल में प्राचार्य आशीष चटर्जी ने झंडावंदन कर किया। रीना मेमोरियल माध्यमिक शाला में स्काउट लीडर डीपी कटारे, श्रीमती दुर्गादेवी शर्मा प्राथमिक विद्यालय में साहित्यकार अशोक जमनानी ने ध्वजारोहण किया। राहुल गांधी यूथ विजन के कार्यकर्ताओं ने दा नदी में 64 की आकृति बनाकर उस पर दीपदान किया। ग्राम ब्यावरा में ग्राम्य ज्योति युवा एवं सामाजिक विकास संस्था ने तिरंगा फहराया कृृषि उपज मंडी डोलरिया में मंडी सदस्य रश्मिका संजय दीवान ने झंडावंदन किया। मिसरौद पंचायत भवन में जनपद सदस्य रितु अजय दीवान, सरपंच सुरेखा रतन गौर ने झंडावंदन किया। शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक शाला एवं हाईस्कूल जासलपुर में गणतंत्र दिवस पर ग्राम सरपंच शक्तिसिंह चौहान ने ध्वजारोहण किया।
इस मौके पर प्रेमनारायण पटेल, जनशिक्षक संतोष साहू, एसएससी अध्यक्ष मुकेश मालवीय, मदनसिंह चौहान मौजूद थे। ग्राम रोहना के महाराणा प्रताप मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल में गणतंत्र दिवस मनाया गया। मिसरौद के नितिन सांई चाइल्ड केयर स्कूल में गणतंत्र दिवस मनाया गया। संस्था संचालक नवीन गौर ने बताया कि इस मौके पर आयोजित कवि सम्मेलन में शिव संकल्प साहित्य परिषद द्वारा काव्य गोष्ठी भी हुई। पांजरा कला की शासकीय कन्या शाला में गणतंत्र दिवस पर सरपंच मनोज चौरे ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जिला खेल शिक्षक संघ अध्यक्ष हरि सालवे, शाला प्रधान महेश वर्मा, रमेश मालवीय मौजूद थे।