केबल लगने से ४० घरों में अंधेरा
नगर संवाददाता - सारनी
शहर के शांति नगर में केबलीकरण मुसीबत बन गया है। पिछले तीन दिनों से यहां के चालीस से ज्यादा घरों में अंधेरा है। नए कनेक्शन भी इतनी जल्दी नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में लोग परेशान हैं। कुछ लोग कनेक्शन नहीं होने से मुसीबत झेल रहे हैं तो कुछ बिजली के ज्यादा राशि के बिलों से ऐसे में यहां मुसीबत बढ़ गई है। सोमवार को क्षेत्रीय पार्षद मीना सिंह ने बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंचकर जल्द कनेक्शन मुहैया कराने का आग्रह अधिकारियों से किया।
शांति नगर में शहर के वार्ड बारह का बड़ा हिस्सा है। यहां बिजली कंपनी आरएपीडीआरपी योजना के तहत केबलीकरण कर रही है। कंपनी ने चौबीस जनवरी से यहां काम शुरू किया है। इसके बाद से ही यहां दिक्कतें शुरू हो गई। पच्चीस जनवरी को तो कंपनी के अधिकारियों को पुलिस की भी जरूरत पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में केबल डाले गए। यहां लोग हुकिंग लेकर बिजली कनेक्शन चला रहे थे। परेशानी की बात यह है कि अब यहां के हुकिंग कनेक्शन काट दिए गए हैं। ऐसे में चालीस से ज्यादा घरों में अंधेरा छाया हुआ है। जबकि कंपनी ने यहां लगभग सारे हिस्से में केबलीकरण कर दिया है। कुछ लोग जरूर यहां हुकिंग डालने का प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर सोमवार शाम को भी टीम यहां पहुंची।
पॉवर ट्रांसफार्मर में खराबी, घंटे भर गुल रही बिजली
सोमवार शाम को पॉवर ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण एक घंटे तक बिजली गुल रही। इसके ट्रिपिंग सिस्टम में खराबी के कारण ऐसा हुआ। सोमवार शाम को 220 केवी सब स्टेशन पहुंची टीम ने यहां सुधार कार्य किया।
शाम को इसे इंस्टॉल करने में एक घंटे का समय लग गया। इसके कारण पूरे शहर में एक घंटे तक बिजली गुल रही। अधिकारियों ने बताया कि ट्रिपिंग सिस्टम अच्छी तरह काम करने लगा है।
कोट्स
फोटो- 6 , 7, 8 , 9
कनेक्शन न काटें
जिन लोगों के हुकिंग काटे गए हैं अब उन्हें नए कनेक्शन देना चाहिए। सालों से लोग यहां रह रहे हैं। अचानक केबलीकरण के नाम पर कनेक्शन काटना ठीक नहीं है। बिलों में सुधार भी जरूरी है।
शहनाज बानो, रहवासी
ज्यादा आते हैं बिल
पहले ही लोग ज्यादा राशि के बिलों से परेशान हैं। अब कंपनी ने केबलीकरण कर कई लोगों के घर अंधेरा कर दिया है। सारी व्यवस्थाओं में सुधार होना चाहिए। नहीं तो लोग सड़कों पर आएंगे।
मदनलाल सोनी, रहवासी शांति नगर
कनेक्शन लेना जरूरी
॥शांति नगर क्षेत्र में कई लोगों ने बकाया राशि होने के बाद कनेक्शन काट दिए हैं। पीडीसी के कारण नए कनेक्शन देने में भी दिक्कतें आएंगी। उन्हें आवेदन करने का कहा गया है। कंपनी अपने स्तर पर सर्वे कर रही है। बिना बिल दिए बिजली नहीं जलाई जा सकती।ञ्जञ्ज
करण सिंह दोहरे, एई टॉउन सारनी
नए कनेक्शन चाहिए
॥केबलीकरण के बाद यहां स्थिति खराब हो गई है। लोगों ने इसके लिए नए कनेक्शनों की मांग की है। कंपनी के अधिकारियों ने लंबी प्रक्रिया बताई है। ऐसे में लोगों को कई दिनों तक अंधेरे में रहना पड़ेगा। इसमें सुधार होना चाहिए।ञ्जञ्ज
मीना ददन सिंह, पार्षद वार्ड १२
अवैध मकानों में नहीं देंगे कनेक्शन
बिजली कंपनी अवैध मकानों में कनेक्शन नहीं देगी। इसके लिए चार महीने पहले ही पॉवर जनरेटिंग कंपनी ने सर्कुलर जारी कर दिया था। दरअसल, पॉवर जनरेटिंग कंपनी ने अपने जमीन पर हो रहे कब्जों से बचने के लिए यह तरकीब निकाली है। यानी अब नए कनेक्शन लेने के लिए लोगों को या तो अपने मकान की रजिस्ट्री, नपा की एनओसी अथवा कंपनी की ओर से आवंटन का प्रमाण पत्र देना होगा।
नए कनेक्शन को लेकर भी आनाकानी
बिजली कंपनी के अधिकारी नए कनेक्शन देने को लेकर भी आना कानी कर रहे हैं। सोमवार को क्षेत्रीय पार्षद मीना ददन सिंह यहां पहुंची। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से चर्चा की। पार्षद ने बताया कि कंपनी के अधिकारी फाइल तैयार करने, एस्टीमेट बनाने और सर्वे कराने की बात कह रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में कनेक्शन लगने में महीने भर से ज्यादा समय लग जाएगा। ऐसे में लोगों की दिक्कतें बढ़ जाएंगी।
शांतिनगर में स्थिति खराब, हुकिंग से परेशानी, नए कनेक्शन लेने में भी हो रहीं दिक्कतें
स्थाई कनेक्शन लेना ही समस्या का समाधान
अभी तक अवैध कनेक्शन लेकर बिजली जला रहे लोगों के लिए अब इस समस्या का समाधान स्थाई कनेक्शन लेकर ही हो सकेगा। कंपनी ने सभी खंभों पर केबल लगाकर इसी से सीधे कनेक्शन दे रखे हैं। ऐसी स्थिति में यहां से बिजली चोरी कर पाना मुश्किल होगा। इससे पहले यही समस्या पाथाखेड़ा की बजरंग कॉलोनी में भी उपजी थी। मगर, यहां सौ फीसदी केबलिंग कर दी गई है।
सारनी के शांति नगर में बिजली के केबल डालते कर्मचारी।