काम नहीं हो रहे तो हमें बताओं : सांसद
मुलताई। सांसद ज्योति धुर्वे ने मोही के ग्रामीणों की समस्या सुनकर समाधान करने का आश्वासन दिया
सांडिया में हाईस्कूल, देवरी में जलाशय बनाए
सांडिया के ग्रामीणों ने श्रीमती धुर्वे को गांव में हाईस्कूल नहीं होने से छात्र-छात्राओं को होने वाली समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि कई सालों से स्कूल की मांग कर रहे हैं लेकिन आश्वासन ही मिलते आ रहा है। इस पर श्रीमती धुर्वे ने आने वाले शिक्षण सत्र में हाईस्कूल खोलने का वादा किया। देवरी के ग्रामीणों ने खेतों की सिंचाई के लिए जलाशय बनवाने की मांग रखी। सांसद श्रीमती धुर्वे ने ग्रामीणों को जलाशय बनाने के लिए जगह बताने को कहा। जगह बताने पर जलाशय के लिए सर्वे कराकर और जलाशय का निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
मोही में सर्विस रोड, जंबाड़ी के ग्रामीणों ने चौपाल मांगा
मोही के दिवानसिंह सिसोदिया, सरपंच बबलू चढ़ोकार, नथनसिंह, राजू चौहान, योगेश सोनी ने सांसद श्रीमती धुर्वे को नेशनल हाईवे फोरलेन से गांव में आने के लिए सर्विस रोड बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि हाईवे निर्माण करने वाली कंपनी ने सर्विस रोड आधा अधूरा बनाकर छोड़ दिया है। कच्चा मार्ग होने से बारिश में कीचड़ और वाहन निकलने में परेशानी होती है। श्रीमती धुर्वे ने एनएचएआई के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जंबाड़ी सरपंच रमेश हारोड़े सहित अन्य ग्रामीणों ने सांसद श्रीमती धुर्वे को बताया कि गांव में पानी की समस्या साल भर बनी रहती है। गांव में चौपाल भी नहीं है जहां ग्रामीण बैठकर अपना दुख-दर्द बांट सके। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद श्रीमती धुर्वे ने पानी की समस्या दूर करने का आश्वासन देते हुए चौपाल के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की।
नगर संवाददाता - मुलताई
आप सभी की सेवा करना और परेशानी को दूर करना हमारी जिम्मेदारी है। सरकारी कार्यालय में आप के काम नहीं हो रहे तो हमें बताओं। आप को परेशान करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को हम चैन की नींद नहीं आने देंगे। यह बात सांसद ज्योति धुर्वे ने मोही सहित ब्लॉक के अन्य गांवों में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। सांसद ज्योत धुर्वे ने ग्रामीणों को अपनी परेशानी खुलकर बताने की समझाइश दी। उन्होंने किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सीधे उनसे संपर्क करने को कहा। इसके साथ ही हर समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के लिए लोहा और मिट्टी एकत्रित करने के संबंध में भी जानकारी दी। श्रीमती धुर्वे के साथ नगर मंडल अध्यक्ष शिवा खंडेलवाल, विनोद ठाकरे, रामदास साहू, रितेश परिहार सहित अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित थे।
सांसद ज्योति धुर्वे ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं