अध्यापकों ने मांगा शून्य बजट पर वेतन
सारनी - अध्यापक संघ ने ट्राइबल ब्लाकों में जीरो बजट पर वेतन की मांग की। संघ की प्रांतीय बैठक में यह मांग उठी। भोपाल के विधानसभा विश्रामगृह में अध्यापक संघ की बैठक हुई। प्रांतीय अध्यक्ष मुरलीधर पाटीदार ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में अध्यापकों की प्रदेश व्यापी समस्याओं को जल्द निराकरण कराने के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से जिलाध्यक्ष, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। प्रांतीय सचिव कमलेश शर्मा ने बताया कि बैठक में अध्यापकों की समस्याओं पर मंथन हुआ। शासन की ओर से दी जा रही अंतरिम राहत राशि के आदेश की समयावधि कम करने, अंतरिम राहत राशि आदेश की वेतन विसंगतियां दूर करने, पिछले वर्ष हुई हड़ताल की अवधि का वेतन देने, ट्राइबल ब्लाकों में नियमित शिक्षकों की तरह शून्य बजट पर वेतन देने, वर्ग एक, दो और तीन की पदोन्नति की कार्रवाई कर शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग उठी। बैठक के बाद एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मांगों को लेकर मिला। अध्यापकों ने फरवरी माह में प्रांतीय सम्मेलन की रणनीति भी बनाई है।