- Hindi News
- ग्रामीणों ने की शिक्षक के स्थानांतरण की मांग
ग्रामीणों ने की शिक्षक के स्थानांतरण की मांग
ञ्चग्रामीणों ने जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र कोरी को ज्ञापन दिया
नगर संवाददाता - मुलताई
प्रभात पट्टन के रजापुर के अजबगढ़ में पदस्थ शिक्षक को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र कोरी को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक आए दिन स्कूल से नदारद रहता है। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। गणतंत्र दिवस पर भी शिक्षक के अनुपस्थित रहने से कार्यक्रम नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर पंचनामा भी बनाया है। रजापुर सरपंच दिनेश आजाद, उपसरपंच मंगूजी धुर्वे, पिरम धुर्वे, राजू, रामदास, राजेंद्र धुर्वे आदि ने बताया कि अजबगढ़ के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक राधेश्याम अखंडे बगैर सूचना दिए स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं। स्कूल में 68 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। शिक्षक के स्कूल नहीं आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पूर्व में भी ग्रामीणों ने समझाइश दी थी। इसके बाद भी शिक्षक पर कोई असर नहीं हो रहा है।
गणतंत्र दिवस पर भी शिक्षक श्री अखंडे के अनुपस्थित रहने से कार्यक्रम नहीं हो सके। ग्रामीणों ने अजबगढ़ प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक श्री अखंडे का स्थानांतरण दूसरी जगह कर दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है।