बिजली के तार में फंसकर गिरा युवक
मुलताई - मोही-जौलखेड़ा मार्ग पर सोमवार रात को सड़क पर गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। 11 केवी लाइन का खंभा टूटने से विद्युत तार बीच सड़क पर गिर गए थे। रात के समय सड़क पर गिरे तार नजर नहीं आने से दुर्घटना हुई है। राजेश पिता दसरू निवासी पोहर परसोड़ी रात 9 बजे मोटर साइकिल से जौलखेड़ा जा रहा था। रास्ते में पड़े तार मोटर साइकिल में फंस गए। राजेश मोटर साइकिल सहित गिर गया। जिससे राजेश को सिर में गंभीर चोट आई।
सूचना पर 108 एंबुलेंस ने घटना स्थल पर पहुंचकर राजेश को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में लाया। प्राथमिक उपचार के बाद राजेश को जिला अस्पताल रैफर किया है।