- Hindi News
- २४ कुंडीय यज्ञ में दस हजार श्रद्धालुओं ने डाली आहुतियां
२४ कुंडीय यज्ञ में दस हजार श्रद्धालुओं ने डाली आहुतियां
नगर संवाददाता - सारनी
शोभापुर कॉलोनी के शिव मंदिर परिसर में चल रहे चौबीस कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दौरान चौबीस कुंडों में हजारों आहुतियां पड़ीं। मंगलवार को महायज्ञ का शुभारंभ ऐतिहासिक शोभायात्रा के साथ हुआ था। बुधवार को सुबह सात बजे से यज्ञ शुरू हो गए। दोपहर एक बजे तक अलग-अलग पालियों में आहुतियां पड़ीं।
गायत्री शक्ति पीठ शक्ति नगर शोभापुर कॉलोनी के तत्वावधान में शक्ति नगर के शिव मंदिर परिसर में कार्यक्रम हो रहा हैं। बुधवार को हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने यज्ञ में भाग लिया। दूसरे ही दिन करीब दस हजार लोगों ने यज्ञ में आहुतियां डालीं। परिवार के दीपचंद मालवीय ने बताया कि गुरुवार को यज्ञ में बाहर से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। शांति कुंज हरिद्वार से आई टोली प्रमुख विनय केसरी, ओमप्रकाश, सूरज दीप, हुकुमचंद, रमेश चंद्र के नेतृत्व में पूजन कराया जा रहा है।
प्रज्ञा पुराण सुनने उमड़े श्रद्धालु
गायत्री महायज्ञ के बाद दोपहर दो बजे से यज्ञ शाला परिसर में ही प्रज्ञा पुराण का वाचन किया गया। वक्ता विनय केसरी ने सत्संग और गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु आम व्यक्ति को खास बना देता है। उनकी कृपा बिना संसार में कोई भी काम नहीं होते। उन्होंने कहा कि सत्संग करने से मन पवित्र होता है। इसका सीध असर आम जीवन पर होता है। जैसे विचार होंगे वैसा ही आचरण होगा।
शिव मंदिर परिसर में हो रहे गायत्री महायज्ञ का दूसरा दिन, शांतिकुंज से आई टोलियां करा रहीं हैं पूजन