- Hindi News
- माखननगर रोड की शान बढ़ाएगी महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा
माखननगर रोड की शान बढ़ाएगी महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा
ञ्च१४ फीट लंबी और 6 फीट चौड़ी होगी प्रतिमा, पीठ पर बंधा होगा बालक
नगर संवाददाता - होशंगाबाद
शहर के बाबई नाके के पास उद्यान में वीरांगना लक्ष्मीबाई की गन मेटल की प्रतिमा लगेगी। प्रतिमा १४ फीट ऊंची और 6 फीट चौड़ी होगी। लक्ष्मी बाई की प्रतिमा के पीछे बालक भी पीठ पर बंधा होगा। यह प्रतिमा साहस की मिशाल देगी। प्रतिमा लगाने का काम फरवरी में ही शुरू होगा। यह निर्णय नगरपालिका परिषद के विशेष सम्मेलन में लिया गया। बैठक में नोंक-झोंक भी हुई है।
नगरपालिका का सम्मेलन दोपहर 3 बजे शुरू हुआ। सम्मेलन के आरंभ में पार्षद प्रश्नों से ही पार्षदों ने अपनी बात प्रमुखता से रखने लगे। प्रश्नकाल के बाद एजेंडे के विषयों पर चर्चा हुई। इसमें शहर के आधा दर्जन वार्डों में सड़कों और नालियों की सौगात दी गई। साथ ही लक्ष्मी बाई की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी पास किया गया। हालांकि इस प्रस्ताव पर कुछ पार्षदों ने कहा कि मंडीदीप में नगरपालिका ने जो प्रतिमा लगाई है वह १२.५० लाख रुपए है, यहां २० लाख की क्यों लगाई जा रही है। इस पर अध्यक्ष माया नारोलिया ने बताया कि यह प्रतिमा १४ फीट ऊंची है। मंदसौर में इससे महंगी प्रतिमाएं लगी हैं। परिषद के अन्य पार्षदां ने बहुमत के आधार पर प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पास कर दिया। अब यहां फरवरी से ही प्रतिमा लगाने का काम शुरू होगा। इसके अलावा बैठक में अन्य कार्यों के लिए भी स्वीकृति दी गई। सम्मेलन में नर्मदांचल पत्रकार संघ को कर्मचारी चौक के पास स्थित नपा का भवन पत्रकार भवन के लिए देने का भी प्रस्ताव सभी पार्षदों ने पास कर दिया।
होशंगाबाद। नगरपालिका के विशेष सम्मेलन में वाद-विवाद करते पार्षद।
हंगामा भी किया और प्रस्ताव पास भी किए
नगरपालिका की बैठक के आरंभ में पार्षद प्रश्न के दौरान पार्षदों ने हंगामा किया। कई बार पार्षद अपनी कुर्सी से उठकर खड़े हुए, तो कई बार मेजें भी थपथपाई। पार्षद कुलदीप राठौर ने कहा कि वार्ड में साफ-सफाई नहीं है, लोग परेशान हैं। पार्षद महेश बाबरिया ने कहा कि दो साल से मेरे वार्ड में काम एजेंडे में रखे जाते हैं, लेकिन होते नहीं हैं। यदि काम नहीं होते हैं तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। एल्डरमैन राजेश अत्रे ने कहा कि बाजार वसूली में अनियमितता की जा रही है। ठेकेदार पर आवश्यक कार्रवाई हो। पार्षद संपत डीसी बाइयां ने कहा कि मेरे वार्ड की निजी कॉलोनी में सड़क बन रही है, लेकिन मुझे जानकारी नहीं दी गई। पार्षद सोनू गक्खर ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर नाराजगी जताई और सफाई अधिकारी को कचरा नहीं उठवाने के लिए माला दी। हालांकि इस विषय पर पार्षद ही एक राय नहीं थे। पार्षद तेज कुमार गौर ने कहा कि वार्ड में पर्याप्त सफाई हो रही है। संतोष उपाध्याय ने भी असंतोष जताया। बाद में एजेंडे के विषयों को एक मत से पास कर दिए। नेता प्रतिपक्ष अनोखी राजोरिया ने कहा कि बैठक हर दो माह में बुलाया जाना चाहिए। हंगामे के दौरान पार्षद कुलदीप राठौर और मुकेश यादव की बहस भी हो गई।
दुकान आवंटन मामले को गंभीरता से लिया
सम्मेलन में पार्षदों ने उक्त मसलों के अलावा रामजीबाबा मेले में दुकानों के आवंटन का विषय उठाया और भ्रष्टाचार व दबंगाई होने की बात कही, तो अध्यक्ष श्रीमती नारोलिया ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि जब मेले में दुकान का आंवटन होता है, तब कोई पार्षद नहीं आता। सम्मेलन में अध्यक्ष को टारगेट करने के लिए ऊंची-ऊंची आवाज में बात करते हैं। जब मैं आपकी बात सुनती हूं, तो आपको भी मेरी बात पूरी सुनना होगा। इसके बाद हॉल में खामोशी छा गई। बाद में अध्यक्ष ने कहा कि मेले में दुकान आवंटन में किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहंी होगी। सभी काम पारदर्शिता के साथ होंगे।
इन वार्डों को मिलेंगी सड़कें
> वार्ड ६ रामगंज में सीसी रोड के लिए १६ लाख की स्वीकृति
> न्यायाधीश आवास कालोनी के पीछे आरसीसी नाले के लिए २५.७७ लाख की स्वीकृति
> वार्ड ७ में विभिन्न स्थानों पर आरसीसी नाली और रोड के काम स्वीकृति
> वार्ड २५ में आरसीसी रोड और नाली निर्माण को स्वीकृति
> वार्ड २९,३३ में सड़कों और नाली के निर्माण कार्य को स्वीकृति
> वार्ड १९,१३ में सीसी रोड निर्माण में अतिरिक्त राशि की स्वीकृति
> वार्ड ३२ में ईदगाह के सामने सीसी रोड निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि की स्वीकृति।
नर्मदा जयंती और रामजीबाबा मेले के लिए बनेगी पार्षदों की समिति
बैठक में परिषद के सदस्यों ने कहा कि नर्मदा जयंती और रामजीबाबा मेला इस परिषद के कार्यकाल के आखिरी कार्यक्रम हैं, इसलिए इन्हें पूरी भव्यता से मनाया जाए। पार्षदों ने एक राय होकर कहा कि दोनों आयोजनों के लिए पार्षदों की समिति बनाई जाए, ताकि पार्षदों की इन आयोजनों में सीधी भूमिका रहे। समिति बनाने के लिए पार्षदों ने अध्यक्ष माया नारोलिया और सीएमओ ज्ञानेंद्र यादव को अधिकृत कर दिया। पार्षदों ने यह जरूर कहा कि नर्मदा जयंती की शाम भजन संध्या ही रखी जाए। बैठक में पिछले साल नर्मदा जयंती समारोह पर हुए खर्च की जानकारी पार्षद शेट्टी चौकसे ने मांगी। सीएमओ ने बताया कि पिछले साल पूरे कार्यक्रम में १० लाख ९ हजार रुपए खर्च हुए हैं। इसमें से २ लाख २५ हजार गायक ने लिए थे। इस पर परिषद ने संस्कृति विभाग से कार्यक्रम लेने का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकृत किया गया। बैठक में रामजीबाबा मेले के बारे में यह निर्णय लिया गया कि मेला १४ फरवरी से शुरू होगा, इसलिए एक बार इसकी बैठक पहले कर ली जाए। साथ ही दोनों आयोजनों की रूपरेखा को एक फरवरी को सर्किट हाउस में जिले की प्रभारी मंत्री के साथ होने वाली बैठक में अंतिम रूप दे दिया जाए।
नपा का सम्मेलन - नर्मदा जयंती और रामजीबाबा मेले की रूपरेखा बनी