- Hindi News
- मुख्यमंत्री आज धार में, करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री आज धार में, करेंगे सीधा संवाद
धार - मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान गुरुवार को धार आएंगे। पीजी कॉलेज में आओ बनाएं मध्यप्रदेश कार्यक्रम में शामिल होंगे। हर वर्ग के लोगों को कार्यक्रम में बुलाया गया है, इनसे सीधा संवाद करेंगे। 64 करोड़ के विभिन्न कामों का शिलान्यास, लोकार्पण भी करेंगे। प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी साथ रहेंगे।
डीआरपी लाइन स्थित हेलीपेड पर सुबह 10 बजे हेलिकॉप्टर से उतर कर कार से इंदौर नाका होते हुए सबसे पहले वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा के घर जाएंगे। जन्मदिन की बधाई देंगे। फिर 2 से 3 कार्यालयों का निरीक्षण भी कर सकते हैं। उसके बाद कार्यक्रम स्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे। 20 ब्लॉक में कुर्सियां लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधि, डॉक्टर्स, इंजीनियर, अभिभाषक, ठेकेदार, व्यापारी, उद्योगपति, किसान, नगर-ग्राम सुरक्षा समिति, कर्मचारी, पेंशनर्स, स्व सहायता समूह, सहकारी समिति समेत तमाम वर्गों को आमंत्रित किया है। अलग-अलग ब्लॉकों में बैठने वाले लोगों से संवाद करने या आवेदन लेने के लिए बीच में गलियारे नुमा रोड बनाया गया है। सभी विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। पांच हजार से ज्यादा हितग्राहियों को चेक आदि प्रदान किए जाएंगे।
दफ्तर-दफ्तर घूमे कलेक्टर
सीएम के दौरे के एक दिन पहले कलेक्टर दफ्तर-दफ्तर घूमे और व्यवस्थाएं देखी। सुबह सीएम के निर्धारित रूट पर पडऩे वाले आईटीआई छात्रावास, कॉलेज और डाइट परिसर में गए। दोपहर में नपा पहुंच गए। संबंधितों से समस्याएं पूछी और सब कुछ दुरुस्त रखने की हिदायत दी। गौरतलब है झाबुआ के दौरे पर आए सीएम अचानक सरदारपुर पहुंच गए थे। ऐसे ही औचक निरीक्षण की संभावना के चलते हड़कंप मचा हुआ है। कार्यक्रम स्थल का मुआयना करने सुबह पहुंचे कलेक्टर ने मंच व पंडाल देखा। अफसरों को सुधार करने के लिए कहा। शाम को फिर स्थिति देखी। मावठे से पंडाल भीग गया। मौसम को लेकर अफसर चिंतित नजर आए।
: भाजपा के लोकसभा चुनाव से जुड़े अभियान एक नोट कमल को वोट का शुभारंभ गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान धार से करेंगे। जिलाध्यक्ष रमेश धाड़ीवाल ने बताया भोपाल से कार्यक्रम की सूचना मिल गई है। आओ बनाएं मध्यप्रदेश कार्यक्रम शासकीय होने से जिला कार्यालय या अन्यत्र किसी स्थान पर मुख्यमंत्री धार में इसका शुभारंभ करेंगे।
: ग्राउंड में पांच ब्लॉक धार, नालछा, तिरला, सरदारपुर व बदनावर के अंत्योदय मेले भी लगेंगे। इसमें पांचों स्थानों के ५२४९ हितग्राहियों को ३५.२९ करोड़ रु. की सामग्री, चेक, अनुदान, सहायता व प्रमाण पत्र से लाभान्वित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा 343 हितग्राहियों को 4.14 करोड रु. का लाभ वितरण किया जाएगा।